बुलंदशहर में कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग और भाजपा को लेकर कई आरोप लगाए और मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग की। यूपी में कांग्रेस 2027 विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर संगठन को मजबूत करने पर जोर दे रही है। रविवार दोपहर 3 बजे जिला कांग्रेस कार्यालय में समाजसेवी और उद्योगपति लखमीचंद पाराशर कांग्रेस में शामिल हुए। कांग्रेस जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान एडवोकेट के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत किया। चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए जिलाध्यक्ष जियाउर्रहमान एडवोकेट ने आरोप लगाया कि चुनाव आयोग और भाजपा मिलकर लोकतंत्र को कमजोर करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की। साथ ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह से भी नैतिक आधार पर इस्तीफा देने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लंबे समय से कथित ‘वोट चोरी’ का मुद्दा उठा रहे हैं और इस संबंध में दावे एवं प्रमाण सार्वजनिक कर चुके हैं। कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आयोग इन सवालों का संतोषजनक जवाब देने के बजाय भाजपा के पक्ष में खड़ा दिखाई दे रहा है। कांग्रेस में शामिल हुए लखमीचंद पाराशर लखमीचंद पाराशर ने कहा कि वह राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और कांग्रेस की विचारधारा, संविधान व लोकतांत्रिक मूल्यों से प्रभावित होकर पार्टी में शामिल हुए हैं। उन्होंने कहा कि वह जिले में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और जनहित के मुद्दों को उठाने के लिए काम करेंगे। पाराशर ने चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि आयोग भाजपा के एजेंट के रूप में काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस 2027 के चुनाव को लेकर सक्रिय है और समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर संगठन को मजबूत किया जा रहा है। 2027 को लेकर संगठन मजबूत करने पर जोर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत किया जा रहा है। पार्टी नेतृत्व के फैसले के अनुरूप प्रत्याशियों को चुनाव मैदान में उतारने की बात भी कही गई। कार्यक्रम में ये लोग रहे मौजूद इस अवसर पर शिवराम बाल्मिकी, पूर्व जिलाध्यक्ष सुभाष गांधी, राजकुमार पंडित, नरेंद्र चौधरी, मनीष चतुर्वेदी, प्रशांत बाल्मिकी, मुकेश रजक, शिवकुमार शर्मा, नईम मंसूरी, भजनलाल विमल, शकील अहमद, आशु कुरैशी और सचिन वशिष्ठ समेत कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

