चित्रकूट में लगातार हो रही बारिश के बीच सोमवार को दो अलग-अलग घटनाएं सामने आईं। सदर कोतवाली क्षेत्र के बूढ़ा सेमरवार गांव में 14 वर्षीय किशोरी नाले में हाथ-पैर धोते समय तेज बहाव में बह गई। वहीं, पहाड़ी थाना क्षेत्र के परसोंजा गांव में घर की दीवार गिरने से 55 वर्षीय व्यक्ति की मौत की सूचना मिली है। हालांकि, पुलिस ने मौत के कारण की पुष्टि नहीं की है। हाथ-पैर धोते समय फिसला पैर, तेज बहाव में बही किशोरी बूढ़ा सेमरवार गांव निवासी उदयभान यादव के मुताबिक, उनकी बेटी मीनू यादव (14) सोमवार शाम करीब 5:30 बजे शौच के लिए घर से निकली थी। इसी दौरान वह नाले में हाथ-पैर धोने लगी। अचानक पैर फिसलने से वह तेज बहाव में गिर गई और पानी के साथ बह गई। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंचे। सूचना पर सदर कोतवाली पुलिस भी पहुंची और किशोरी की तलाश शुरू कराई गई। कोतवाल अभय प्रताप ने बताया कि तेज बहाव और अंधेरा होने के कारण सोमवार देर शाम तलाशी अभियान रोकना पड़ा। मंगलवार सुबह गोताखोरों की मदद से किशोरी की तलाश दोबारा शुरू की जाएगी। दीवार गिरने से मौत की सूचना, पुलिस को कारण पर संदेह उधर, पहाड़ी थाना क्षेत्र के परसोंजा गांव में बारिश के दौरान घर की दीवार गिरने से 55 वर्षीय चुन्नू यादव की मौत की सूचना सामने आई। गांव निवासी नन्नू यादव के अनुसार, रविवार को बारिश के कारण उनके घर के एक हिस्से की दीवार ढह गई थी। दीवार के पास मौजूद उनके पिता चुन्नू यादव मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। हालांकि, पहाड़ी थाना प्रभारी निशिकांत राय ने बताया कि चुन्नू यादव की मौत दीवार के मलबे में दबने से होने की पुष्टि नहीं हुई है। कुछ ग्रामीणों के अनुसार, चुन्नू यादव पहले से बीमार थे और दीवार गिरने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम भी नहीं कराया है। पुलिस मंगलवार को गांव पहुंचकर मामले की जांच करेगी और मौत के वास्तविक कारण का पता लगाने का प्रयास करेगी।

