अलीगढ़ के ऊपरकोट इलाके में एक नॉनवेज शॉप की किचन का का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वीडियो में इस्तेमाल की जा रही प्याज सड़ी हुई दिखाई दे रही है। उसमें कीड़े भी रेंगते नजर आ रहे हैं। दावा है कि इसी प्याज का इस्तेमाल ग्राहकों के लिए तैयार होने वाले खाने में किया जा रहा था। वीडियो 29 अगस्त की रात करीब 10 बजे सोशल मीडिया पर सामने आया। इसके बाद लोगों में नाराजगी फैल गई। स्थानीय लोगों ने खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए प्रतिष्ठान की जांच और दोषी पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। खाने में इस्तेमाल हो रही थी सड़ी प्याज वायरल फुटेज में रसोई कर्मचारी प्याज काटते नजर आ रहे हैं। दावा किया जा रहा है कि काटी जा रही प्याज सड़ी हुई थी और उसमें कीड़े मौजूद थे। अगर जांच में वीडियो की पुष्टि होती है तो यह खाद्य सुरक्षा नियमों की गंभीर अनदेखी मानी जाएगी। खाद्य विभाग से जांच की मांग वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और जागरूक नागरिकों ने जिला प्रशासन से प्रतिष्ठान की तत्काल जांच कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि ग्राहकों को साफ-सुथरा और सुरक्षित भोजन उपलब्ध कराना प्रतिष्ठान की जिम्मेदारी है। मामले में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की जांच के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि वायरल वीडियो में दिख रही सामग्री वास्तव में ग्राहकों के भोजन में इस्तेमाल की जा रही थी या नहीं। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा सकती है।

