अंबाला कैंट रेलवे स्टेशन पर शुक्रवार शाम करीब 5:10 बजे चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश कर रहे दो यात्री प्लेटफॉर्म और ट्रेन के बीच गिर गए। दोनों यात्रियों को गिरता देख RPF कांस्टेबल रमित कुमार तुरंत दौड़े और उन्हें ट्रेन के चपेट में आने से बचाकर सुरक्षित बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, 12920 मालवा एक्सप्रेस में चढ़ने की कोशिश के दौरान दोनों यात्री संतुलन बिगड़ने से प्लेटफॉर्म पर गिर गए। घटना स्टेशन पर लगे CCTV कैमरे में भी कैद हुई है। यात्रियों को गिरता देखकर आरपीएफ RPF रमित कुमार ने तुरंत कार्रवाई की और दोनों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया। RPF जवान ने की यात्रियों से अपील
रमित कुमार ने यात्रियों को समझाया कि चलती ट्रेन में चढ़ने या उतरने का प्रयास न करें। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुरक्षा के लिए RPF और रेलवे कर्मचारी लगातार सतर्क रहते हैं। वीडियो में क्या दिख रहा, पहले वो जानिए… वीडियो में दिखाई दे रहा है कि एक ट्रेन स्टेशन से गुजर रही है। इसी दौरान दो यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने की कोशिश करते हैं, लेकिन संतुलन बिगड़ने से दोनों प्लेटफॉर्म से नीचे पटरी की तरफ गिरने लगते हैं। यात्रियों को गिरता देख ड्यूटी पर तैनात RPF कांस्टेबल रमित कुमार तुरंत दौड़कर मौके पर पहुंचते हैं और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लेते हैं। इसी दौरान फिर वही यात्री चलती ट्रेन में चढ़ने का प्रयास करता है और संतुलन बिगड़ने से पटरी की तरफ गिरने लगता है। रमित कुमार तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बचा लेते हैं। इस दौरान यात्री ट्रेन को रुकवाने के लिए हाथ से इशारा करते नजर आते हैं, लेकिन ट्रेन आगे निकल जाती है। इसके बाद RPF कांस्टेबल रमित कुमार यात्रियों को समझाते हुए दिखाई देते हैं और उन्हें चलती ट्रेन में चढ़ने-उतरने से बचने की हिदायत देते हैं। गुरुवार को भी चलती ट्रेन से गिरते बच्चे को RPF जवान ने बचाया गुरुवार को हरियाणा के अंबाला छावनी रेलवे स्टेशन पर तेज गति से जा रही मालवा सुपरफास्ट एक्सप्रेस से एक दंपती और उनके मासूम बच्चे के साथ बड़ा हादसा होते-होते टल गया। दंपती बच्चे के साथ ट्रेन पकड़ने स्टेशन पहुंचे थे। पति और बच्चा ट्रेन में चढ़ गए, लेकिन इसी दौरान ट्रेन चल पड़ी और पत्नी ट्रेन में नहीं चढ़ सकी। पत्नी को रोते हुए ट्रेन के साथ दौड़ता देख पति ने चलती ट्रेन से बच्चे का हाथ पकड़कर उसे प्लेटफॉर्म पर उतारने की कोशिश की, लेकिन ट्रेन की रफ्तार अधिक होने के कारण बच्चा प्लेटफॉर्म पर घिसटने लगा। यह देखकर यात्रियों ने शोर मचा दिया। इसी दौरान ड्यूटी पर तैनात आरपीएफ कांस्टेबल कुलदीप ने तुरंत बच्चे को पकड़कर ट्रेन के नीचे जाने से बचा लिया। पूरी घटना स्टेशन पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। आरपीएफ ने इस कार्रवाई को ‘ऑपरेशन जीवन रक्षा’ के तहत दर्ज किया है।

