घर में घुसकर गहने और कैश चुराने वाले 3 गिरफ्तार:मुरैना में आरोपियों के पास से 4.40 लाख कैश बरामद

घर में घुसकर गहने और कैश चुराने वाले 3 गिरफ्तार:मुरैना में आरोपियों के पास से 4.40 लाख कैश बरामद

मुरैना के बागचीनी थाना क्षेत्र में घरों में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी करने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनकी निशानदेही पर करीब 12 लाख 60 हजार रुपए कीमत का चोरी गया सामान बरामद किया गया है। इसमें करीब 6 तोला सोने के आभूषण, 500 ग्राम चांदी के आभूषण और 4 लाख 40 हजार रुपए नकद शामिल हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बागचीनी क्षेत्र में दो अलग-अलग चोरी की वारदात करना स्वीकार किया है। अलमारी में रखे गहने और नकदी चुराई थी ग्राम बागचीनी निवासी विष्णु अग्रवाल ने थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि 26 और 27 अगस्त 2026 की दरम्यानी रात अज्ञात चोर उनके घर में घुस आए थे। चोरों ने अलमारी में रखे सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चुरा ली थी। चोरी गए सामान में सोने की चेन, हार, मंगलसूत्र, अंगूठियां, झुमकी, चांदी की पायल और बिछिया सहित अन्य आभूषण शामिल थे। अंबाह बाइपास के पास से पकड़े गए तीनों आरोपी मामले की जांच के दौरान बागचीनी थाना पुलिस ने संदेह के आधार पर तीन युवकों को मुरैना के अंबाह बाइपास स्थित पत्थर के फड़ के पास से पकड़ा। पूछताछ में उनकी पहचान ओमवीर उर्फ मास्टर (20), रामकुमार उर्फ रमक (28) और बद्री उर्फ मरत (32) के रूप में हुई। ओमवीर उर्फ मास्टर पुत्र रामप्रकाश उर्फ प्रकाश गुर्जर राजस्थान के धौलपुर जिले के देवगढ़ थाना क्षेत्र के बारबासिन गांव का निवासी है। वह फिलहाल राजस्थान के डांगबसई थाना क्षेत्र के डेहरा गांव में रह रहा था। रामकुमार उर्फ रमक पुत्र विजेंद्र गुर्जर सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पिडावली गांव का निवासी है। बद्री उर्फ मरत पुत्र फौजदार उर्फ रामदयाल गुर्जर देवगढ़ थाना क्षेत्र के खुलावली गांव का निवासी है। करौरी गांव में हुई चोरी में भी शामिल होने की बात कबूली बागचीनी थाना प्रभारी टीआई कुलदीप राव के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात करना स्वीकार किया। उन्होंने बागचीनी थाना क्षेत्र के करौरी गांव में 22 और 23 अप्रैल 2026 की दरम्यानी रात हुई चोरी में भी शामिल होना बताया। आरोपियों की निशानदेही पर दोनों मामलों में चोरी गया सामान बरामद किया गया है। पुलिस अब उनके अन्य साथियों और जिले में हुई दूसरी चोरी की वारदातों में उनकी संभावित भूमिका की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *