हरियाणा रोडवेज के सोनीपत सबडिवीजन डिपो गोहाना से धार्मिक स्थल खाटू श्याम के लिए जल्द ही सीधी बस सेवा शुरू होने जा रही है। यात्रियों की लगातार बढ़ रही मांग को देखते हुए रोडवेज ने 19 से 21 अक्टूबर 2026 तक बस का ट्रायल सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। अब बस के संचालन की तैयारी की जा रही है। रोडवेज की ओर से गोहाना से खाटू श्याम जाने और वहां से वापस आने का रूट और समय भी निर्धारित कर दिया गया है। सोनीपत रोडवेज के जीएम संजय कुमार ने बताया कि खाटू श्याम धार्मिक स्थल पर जाने के लिए काफी समय से लोग बस सेवा शुरू करने की मांग कर रहे थे। यात्रियों की मांग को ध्यान में रखते हुए सबसे पहले बस का ट्रायल करवाया गया, जो सफल रहा। अब जल्द ही इस रूट पर नियमित बस सेवा शुरू की जाएगी। कैबिनेट मंत्री के निर्देशों पर शुरू होगी सेवा जीएम संजय कुमार के अनुसार, हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री अरविंद शर्मा के निर्देशों की पालना करते हुए खाटू श्याम के लिए बस सेवा शुरू की जाएगी। इससे गोहाना और आसपास के क्षेत्र के श्रद्धालुओं को धार्मिक स्थल तक पहुंचने के लिए सीधी बस सुविधा मिल सकेगी। सुबह 10 बजे गोहाना से चलेगी बस निर्धारित समय के अनुसार, गोहाना डिपो से बस सुबह 10 बजे खाटू श्याम के लिए रवाना होगी। सफर पूरा करने के बाद बस शाम 6:15 बजे खाटू श्याम पहुंचेगी। इस समय-सारिणी के अनुसार श्रद्धालु एक ही बस में सफर करके सीधे धार्मिक स्थल तक पहुंच सकेंगे। खाटू श्याम से गोहाना के लिए बस अगले दिन सुबह 7 बजे रवाना होगी। वापसी के दौरान बस दोपहर 3:30 बजे गोहाना डिपो पहुंचेगी। रोडवेज की ओर से जाने और आने का समय निर्धारित किए जाने से श्रद्धालु अपनी यात्रा की योजना आसानी से बना सकेंगे।

