शरद पूर्णिमा पर चांदनी रात में ताजमहल की चमक देखने के लिए पर्यटकों में जबरदस्त उत्साह है। 26 अक्टूबर को शरद पूर्णिमा है और इससे पहले ही ताजमहल के रात्रि दर्शन के टिकटों की मांग बढ़ गई है। 24, 25 और 26 अक्टूबर के सभी 1200 टिकट ऑनलाइन बुक हो चुके हैं। वहीं, 27 अक्टूबर के पहले स्लॉट के सभी 50 टिकट भी बुक हो गए हैं। 28 अक्टूबर की बुकिंग बुधवार शाम तक शुरू नहीं हुई थी। ताजमहल में 24 से 28 अक्टूबर तक पांच दिन रात्रि दर्शन होंगे। इस दौरान पर्यटक चांदनी रात में ताजमहल की खूबसूरती निहार सकेंगे। रात्रि दर्शन के लिए पर्यटकों को रॉयल गेट के पास बने वीडियो प्लेटफॉर्म से ताजमहल देखने का मौका मिलेगा। टिकटों की एडवांस बुकिंग भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) की वेबसाइट से की जा रही है। रात 8 से 12 बजे तक होंगे दर्शन सुप्रीम कोर्ट के नवंबर 2004 के आदेश के अनुसार, ताजमहल को हर महीने पूर्णिमा के दिन और उससे दो दिन पहले व दो दिन बाद तक रात में खोला जाता है। रात्रि दर्शन के लिए हर दिन आधे-आधे घंटे के आठ स्लॉट रखे गए हैं। दर्शन रात 8 बजे से 12 बजे तक होंगे। प्रत्येक स्लॉट में अधिकतम 50 पर्यटकों को प्रवेश दिया जाएगा। रात्रि दर्शन के टिकट की दर भारतीय पर्यटक: 510 रुपये विदेशी पर्यटक: 750 रुपये 15 वर्ष तक के बच्चे: 500 रुपये टिकट नहीं मिला तो यहां से देखें ताज की चमकी ताजमहल के रात्रि दर्शन के टिकट नहीं मिल पाने पर पर्यटक मायूस न हों। वे मेहताब बाग स्थित आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) के ताज व्यू प्वाइंट से भी चांदनी रात में ताजमहल देख सकते हैं। यहां भारतीय पर्यटकों के लिए टिकट 200 रुपये और विदेशी पर्यटकों के लिए 500 रुपये है। शरद पूर्णिमा के आसपास ताजमहल की चमकी देखने के लिए पर्यटक आसपास के होटलों में ठहरने की योजना भी बना रहे हैं।

