गोरखपुर में 1.75 करोड़ का बैंक फ्रॉड:नौकरी के नाम पर खुलवाया खाता, पासबुक-ATM लेकर जब्त किया, 2 आरोपी अरेस्ट

गोरखपुर में 1.75 करोड़ का बैंक फ्रॉड:नौकरी के नाम पर खुलवाया खाता, पासबुक-ATM लेकर जब्त किया, 2 आरोपी अरेस्ट

गोरखपुर में जालसाजों ने नौकरी दिलाने का लालच देकर एक युवक के नाम से बैंक अकाउंट खुलवाया और फिर उसे बिना बताए अकाउंट से 1 करोड़ 75 लाख रुपए से ज्यादा का संदिग्ध ट्रांजेक्शन किया। जालसाजों ने पीड़ित की पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और सिम कार्ड अपने पास रख लिया था। जब युवक को धोखाधड़ी की भनक लगी, तो उसने थाने में शिकायत की। शाहपुर पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम लगाई और बुधवार तड़के दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। आगे की कार्रवाई जारी है। नौकरी और पैसों का लालच देकर फंसाया
शाहपुर थाना क्षेत्र के बिछिया जंगल तुलसीराम (कुम्हार टोला) के रहने वाले रमेश सहानी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ लोगों ने उसे अच्छी नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। इसके बाद पैसों का झांसा देकर यूपी ग्रामीण बैंक में उसका खाता खुलवा दिया। आरोपी रोहन के जरिए रमेश के खाते की पासबुक, चेकबुक, एटीएम कार्ड और मोबाइल सिम कार्ड अपने कब्जे में ले लिए गए। इसके बाद पीड़ित को बिना बताए उस अकाउंट का इस्तेमाल करोड़ों के लेन-देन के लिए किया गया। जब रमेश को खाते से 1.75 करोड़ रुपए के बड़े लेन-देन का पता चला, तो उसके होश उड़ गए। प्लेटफॉर्म नंबर 9 के पास हुई घेराबंदी
रमेश की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। 22 सितंबर की रात करीब 2:40 बजे पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि मामले से जुड़े आरोपी शहर से बाहर भागने की फिराक में हैं। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए गोरखपुर रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म नंबर 9 रोड के पास घेराबंदी की और दो नामजद आरोपियों को धर दबोचा। पकड़े गए आरोपियों की पहचान
पकड़े गए आरोपियों की पहचान शाहपुर थाना अंतर्गत कुम्हारटोला के रहने वाले आशीष निषाद और बिछिया के मल्लाह टोला के रहने वाले अभिषेक जायसवाल के रूप में हुई है। उनके पास से 7 सिमकार्ड और 5 बैंक पासबुक बरामद किया गया है। मामले में बढ़ाई गईं गंभीर धाराएं
शाहपुर थाना प्रभारी अंजय कुमार सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर शुरुआत में 4 आरोपियों के खिलाफ बीएनएस (BNS) की धारा 318(4) [धोखाधड़ी] के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके पास से हुई बरामदगी के आधार पर केस में धारा 112(2) और 61(2) भी जोड़ दी गई हैं। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत (रिमांड) में जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस पूरे नेटवर्क में शामिल बाकी आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और जल्द ही उन्हें भी पकड़ लिया जाएगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *