गोरखपुर में ठंड की शुरुआत के संकेत:कल दिन-रात लगभग होगा बराबर, सुबह 5:35 बजे सूर्य पार करेगा काल्पनिक रेखा

गोरखपुर में ठंड की शुरुआत के संकेत:कल दिन-रात लगभग होगा बराबर, सुबह 5:35 बजे सूर्य पार करेगा काल्पनिक रेखा

गोरखपुर के मौसम में बदलाव का बड़ा संकेत देने वाली खगोलीय घटना ‘शरद विषुव’ इस साल कल यानी बुधवार को होने जा रही है। इस दिन सुबह 5:35 बजे वह सटीक समय होगा, जब सूर्य आकाश में एक काल्पनिक रेखा को पार करेगा। इसी पल से उत्तरी गोलार्ध में शरद ऋतु की शुरुआत मानी जाती है और धीरे-धीरे मौसम में ठंडक बढ़ने लगती है। वीर बहादुर सिंह नक्षत्रशाला (तारामंडल) गोरखपुर के खगोलविद अमर पाल सिंह के अनुसार, विषुव कोई पूरे दिन चलने वाली घटना नहीं होती, बल्कि यह एक खास पल होता है। इस दिन पृथ्वी के ज्यादातर हिस्सों में दिन और रात लगभग बराबर होते हैं। हालांकि पूरी तरह बराबर नहीं होते, क्योंकि सूरज की रोशनी और वायुमंडल के कारण दिन कुछ मिनट ज्यादा हो सकता है। इस दिन सूरज दिखेगा अलग अंदाज में शरद विषुव की सबसे खास बात यह है कि इस दिन सूरज लगभग ठीक पूर्व दिशा से उगता है और पश्चिम में डूबता है। ऐसा नजारा साल में सिर्फ दो बार देखने को मिलता है एक मार्च में और दूसरा सितंबर में। इसलिए यह दिन खगोल विज्ञान के लिए बहुत खास माना जाता है। धीरे-धीरे बदलेगा मौसम पृथ्वी थोड़ी झुकी हुई है, इसी कारण मौसम बदलता रहता है। इस घटना के बाद हमारे यहां दिन छोटे और रातें लंबी होने लगती हैं। इसका असर यह होता है कि गर्मी कम होने लगती है और हल्की ठंड का अहसास शुरू हो जाता है। आसान तरीके से समझें यह घटना इस खगोलीय घटना को समझना बहुत आसान है। आप खुले स्थान पर खड़े होकर सूरज के उगने और ढलने की दिशा पर ध्यान दें। साथ ही दिन में किसी डंडे या खंभे की छाया को देखकर भी सूर्य की दिशा और बदलाव को समझ सकते हैं। लेकिन ध्यान रखें कि सूरज को सीधे आंखों से देखना नुकसानदायक हो सकता है, इसलिए ऐसा करने से बचें। खास क्यों है यह दिन? खगोलविद अमर पाल सिंह बताते हैं कि यह घटना हमें यह समझने का मौका देती है कि पृथ्वी और सूर्य की स्थिति हमारे मौसम, दिन-रात और जीवन को कैसे प्रभावित करती है। इसका संबंध खेती, मौसम और हमारी दिनचर्या से भी जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि कल यानी बुधवार का शरद विषुव छात्रों और आम लोगों के लिए प्रकृति और आसमान को समझने का बेहतरीन मौका है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *