गुरुग्राम में घायल मिले दिल्ली के मांडी गांव निवासी 40 वर्षीय गब्बर सिंह की 13 दिन बाद मौत हो गई। मामले में परिजनों ने हादसे की थ्योरी पर सवाल उठाए हैं। पत्नी और भाई का कहना है कि गब्बर के सिर के पिछले हिस्से में ही चोट थी, जबकि बाइक की हेडलाइट के अलावा एक स्क्रैच तक नहीं था। घटना वाले दिन मिली सैलरी के 11 हजार रुपए भी उसकी जेब से गायब थे। परिवार को शक है कि उसके साथ कुछ गलत हुआ है। परिजनों ने पुलिस से घटना से पहले उसके साथ नशा करने वाले चार युवकों से पूछताछ करने और सीसीटीवी फुटेज खंगालने की मांग की है। वे सोमवार को पुलिस कमिश्नर से मिलकर निष्पक्ष जांच की गुहार लगाएंगे। सिलसिलेवार जानिए, परिवार को दुर्घटना की थ्योरी पर क्यों शक… सैलरी मिलने पर चार युवक साथ ले जाते थे, धमकी देने का आरोप गब्बर की पत्नी सुनीता का आरोप है कि मांडी गांव के कुछ आपराधिक प्रवृत्ति के युवक उसके पति पर नजर रखते थे। सैलरी मिलने पर वे उसे अपने साथ ले जाते थे। सुनीता के मुताबिक, उसने कई बार गब्बर को उनसे दूर रहने के लिए कहा था, लेकिन युवक उसे बहला-फुसलाकर या दबाव डालकर साथ ले जाते थे। मना करने पर जान से मारने और अंजाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप है। घटना से पहले साथ नशा करने वाले चार युवकों से पूछताछ की मांग परिवार का कहना है कि घटना से पहले गब्बर चार युवकों के साथ बैठकर नशा कर रहा था। पत्नी और भाई ने पुलिस से इन युवकों से पूछताछ करने, सीसीटीवी फुटेज की जांच करने और घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने की मांग की है। उनका मानना है कि इन पहलुओं की जांच से गब्बर की मौत की परिस्थितियां स्पष्ट हो सकती हैं। पुलिस बोली- नए तथ्य मिले तो जांच में शामिल करेंगे सेक्टर-56 के एसएचओ सुखपाल ने बताया कि उन्होंने दो दिन पहले ही कार्यभार संभाला है। वह संबंधित जांच अधिकारी से बात कर परिजनों को संतुष्ट करवाएंगे। अगर जांच में कोई नया तथ्य सामने आता है, तो उसे भी शामिल किया जाएगा।

