हरियाणा प्राइमरी टीचर एसोसिएशन (HPTA) गुरुग्राम के बैनर तले बुधवार को शिक्षकों ने लघु सचिवालय में प्रदर्शन कर HTET/TET से प्रभावित शिक्षकों की सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। प्रदर्शन की अगुवाई जिला प्रधान अमित भारद्वाज ने की। इस दौरान महासचिव सुनील अग्रवाल सहित जिला एवं खंड स्तर के पदाधिकारी मौजूद रहे। जिले के विभिन्न खंडों से शिक्षक लघु सचिवालय पहुंचे। शिक्षकों ने नारेबाजी करते हुए सरकार से मांग की कि वर्षों से शिक्षा विभाग में सेवाएं दे रहे प्रभावित शिक्षकों के हितों को ध्यान में रखते हुए उनके भविष्य को सुरक्षित किया जाए। शिक्षकों ने कहा कि सेवा सुरक्षा से जुड़े मामले में सरकार को न्यायसंगत और व्यावहारिक निर्णय लेना चाहिए। जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी को सौंपा ज्ञापन प्रदर्शन के बाद जिला मौलिक शिक्षा अधिकारी सुमिता रांगी शिक्षकों से ज्ञापन प्राप्त किया। एसोसिएशन की ओर से मुख्यमंत्री एवं शिक्षा मंत्रीके नाम सौंपे गए ज्ञापन में HTET/TET से प्रभावित शिक्षकों की समस्याओं का समाधान करने तथा उनकी सेवा सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की गई। प्रदर्शन में संगठन संरक्षक राजपाल यादव, वरिष्ठ सलाहकार कमल शर्मा, वरिष्ठ उपप्रधान देवेंद्र सांगवान, वरिष्ठ उपप्रधान विजेंद्र खटाना, उपप्रधान मनीष भारद्वाज तथा खंड गुरुग्राम प्रधान सुरेंद्र सिंह सहित जिला और खंड स्तर के अनेक पदाधिकारी उपस्थित रहे। विभिन्न कर्मचारी संगठनों ने दिया समर्थन शिक्षकों के प्रदर्शन को समर्थन देने के लिए विभिन्न शिक्षक एवं कर्मचारी संगठनों के प्रतिनिधि भी लघु सचिवालय पहुंचे। इनमें स्कूल कैडर लेक्चरर एसोसिएशन के जिला प्रधान डॉ. सुशील कटारिया, पेंशन बहाली संघर्ष समिति हरियाणा के जिला महासचिव बलराज, हरियाणा राजकीय संस्कृत अध्यापक संघ के जसवंत शास्त्री तथा हरियाणा राजकीय अनुसूचित अध्यापक संघ के जिला प्रधान सतपाल शामिल रहे। सहयोगी संगठनों के प्रतिनिधियों ने HPTA की सेवा सुरक्षा की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि लंबे समय से शिक्षा विभाग में कार्यरत शिक्षकों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए सरकार को सकारात्मक और ठोस निर्णय लेना चाहिए। इस अवसर पर ओमेश यादव, भारती, बालकृष्णा, मीतू सिंगला, विनोद, बलवान, मीनू और ज्योति सहित बड़ी संख्या में शिक्षक मौजूद रहे।

