गुरदासपुर में कांग्रेसी सरपंच के भाई का मर्डर:गुरुद्वारा से लौटते समय हमलावरों ने बरसाईं गोलियां; 3 महीने पहले भी हो चुका हमला

गुरदासपुर में कांग्रेसी सरपंच के भाई का मर्डर:गुरुद्वारा से लौटते समय हमलावरों ने बरसाईं गोलियां; 3 महीने पहले भी हो चुका हमला

गुरदासपुर जिले के भारत-पाक सीमा से सटे डेरा बाबा नानक क्षेत्र के गांव ‘अड्डा’ (अड्डा पिंड) में रंजिश के चलते 27 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान सुखराज सिंह उर्फ काका (27) पुत्र बलकार सिंह के रूप में हुई है, जो कांग्रेस सरपंच नवदीप सिंह का छोटा भाई था। वारदात शनिवार रात करीब 8:30 बजे की है, जब युवक गुरुद्वारा साहिब से मत्था टेककर लौट रहा था। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना कर वहां से 2 कारतूस के खोल बरामद किए हैं। मृतक के भाई सरपंच नवदीप सिंह के बयानों के आधार पर थाना डेरा बाबा नानक में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। स्विफ्ट कार में आए हमलावरों ने चलाईं गोलियां
सरपंच नवदीप सिंह ने बताया कि सुखराज सिंह बाबा श्री चंद जी की जयंती पर टाहली साहिब गुरुद्वारे में आयोजित धार्मिक समागम में गया था। जब सुखराज मोटरसाइकिल पर वापस आ रहा था, तो स्विफ्ट कार में सवार होकर आए 6 अज्ञात युवकों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। कार सवारों में से 3 हमलावरों ने गोलियां चला दीं। सुखराज को 4 से 5 गोलियां लगीं, जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। 3 महीने पहले भी हो चुका हमला नवदीप सिंह ने बताया कि 2-3 महीने पहले भी उन पर हमलावरों द्वारा गोलीबारी की गई थी। मृतक सुखराज का विवाह हो चुका था, लेकिन उसकी कोई संतान नहीं थी। पुलिस ने शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही डेरा बाबा नानक थाना के एसएचओ (SHO) अशोक कुमार पुलिस टीम और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सीन-ऑफ-क्राइम (घटनास्थल) पर पहुंचे। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल, बटाला भेज दिया है। आपसी रंजिश का मामला, दर्ज हैं आपराधिक केस: एसएचओ
मामले की जानकारी देते हुए एसएचओ अशोक कुमार ने बताया कि इसे गैंगवार नहीं कहा जा सकता, बल्कि यह दो पक्षों के बीच लंबे समय से चली आ रही पुरानी रंजिश का नतीजा है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के खिलाफ पहले से ही आपराधिक और एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत केस दर्ज हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *