गुना में PWD के रिकॉर्ड से 700 मीटर सड़क गायब

गुना में PWD के रिकॉर्ड से 700 मीटर सड़क गायब

Guna Road Missing: मध्यप्रदेश के गुना शहर में नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 9 (साईंसिटी कॉलोनी व आसपास के क्षेत्र) की करीब 15 हजार आबादी पिछले एक दशक से मूलभूत सुविधाओं के लिए तरस रही है। 6 हजार मतदाताओं वाले इस क्षेत्र में 80% आबादी नगर पालिका की वोटर है, लेकिन विकास कार्यों, सड़क, नाली और स्ट्रीट लाइट की बात आते ही प्रशासन सीमा विवाद का हवाला देकर पल्ला झाड़ लेता है।

सरकारी कागजों में गायब 700 मीटर सड़क

हाल ही में वार्ड निवासी लालाराम लोधा द्वारा लगाए गए सूचना के अधिकार से चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। लोक निर्माण विभाग संभाग गुना ने लिखित में स्वीकार किया है कि गुना से पुरापोसर मार्ग का 0 से 700 मीटर लंबा हिस्सा उनके रिकॉर्ड में अंकित ही नहीं है। जिस मार्ग से प्रतिदिन करीब 8 हजार राहगीर, छात्र व मरीज गुजरते हैं, वह सरकारी कागजों में लापता है। हालांकि, एमपीआरडीसी द्वारा 2016 में ही यह मार्ग हस्तांतरण के लिए नगर पालिका को सौंपा जा चुका था।

ये हैं मुख्य समस्याएं

  • हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में पार्क के पीछे वाली निजी गली में 20 वर्षों से सड़क जर्जर है। नाली न होने से जलभराव होता है। रहवासियों ने नाली निर्माण हेतु अपनी जमीन/चबूतरे छोड़ने पर सहमति दी है।
  • वार्ड में पेयजल की भारी किल्लत है। सकतपुर रोड व साईं सिटी कॉलोनी में कई घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा। स्ट्रीट लाइट न होने से पूरी बस्ती अंधेरे में डूबी रहती है। जिससे रात में परेशानी बहुत ज्यादा बढ़ जाती है।
  • सकतपुर पंचायत सीमा से लगी बस्तियों में नालियां न होने से गंदा पानी सड़कों पर बहता है। पिछले साल की बाढ़ में बिछाए गए पेवर ब्लॉक बह गए, जिससे हादसे और बीमारियां फैलने का डर बना हुआ है।

1.72 करोड़ का प्रस्ताव लंबित

वार्ड नंबर 9 की पार्षद सुमन लोधा ने बताया कि हनुमान टेकरी रोड ट्रांसफार्मर से सकतपुर रोड तक 700 मीटर सीसी रोड व नाले हेतु 1.72 करोड़ रुपए का प्राक्कलन द्वारा तैयार किया गया है। इसके लिए मुख्यमंत्री व सांसद को पत्र सौंपा गया है। नपा अध्यक्ष को 2 नए नलकूप, 10 नई स्ट्रीट लाइटें लगाने व क्षतिग्रस्त गलियों के नए टेंडर के लिए आवेदन दिया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *