कैथल के साथ सटे जींद के गांव चूहड़पुर के करीब 22 वर्षीय युवक निहाल सिंह की यूरोप में डूबने से मौत हो गई। वह दोस्तों के साथ वीकएंड पर समुद्र में घूमने गया था। अचानक से जिस वाहन में वे बैठे थे, वह डूबने लगा। वहां पानी में डूबने से युवक की मौत हो गई। युवक निहाल सिंह करीब नौ महीने पहले यूरोप स्टडी वीजा पर गया था और माल्डोवा में रह रहा था। पढ़ाई के साथ साथ वहां पर एक होटल में पार्ट टाइम डिलीवरी बॉय का काम करता था। आज युवक का शव उसके गांव में पहुंचा। निहाल सिंह की बड़ी बहन शीतल ने अपने भाई का अंतिम संस्कार किया और मुखाग्नि दी। नौ महीने पहले विदेश गया चचेरे भाई प्रवीन कुमार ने बताया कि परिवार ने निहाल सिंह नौ महीने पहले इस उम्मीद से विदेश भेजा था कि वहां पर रहकर पढ़ाई और कमाई करेगी, जिससे परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक होगी, लेकिन अब परिवार के अरमानों पर पानी फिर गया। अब परिवार में केवल उसकी माता सुनीता देवी और बहन शीतल हैं। पिता कृष्ण कुमार की पहले ही हार्ट अटैक से मौत हो चुकी है। 15 लाख रुपए लगाकर विदेश भेजा प्रवीन ने बताया कि परिवार ने निहाल सिंह को करीब 15 लाख रुपए लगाकर विदेश भेजा था। माता के पास इतने पैसे नहीं थे। ऐसे में उन्होंने अपने जानकारों और रिश्तेदारों से पैसे इकट्ठे किए थे। अब उसके शव को भारत वापस लाने में भी करीब 10 लाख रुपए खर्च करने पड़े। इनमें से कुछ राशि परिवार ने तो कुछ भाईचारे से इकट्ठी की गई। घर के पास करियाना का दुकान उन्होंने बताया कि निहाल सिंह परिवार में अकेला कमाने वाला था। पिता की मौत के बाद मां सुनीता ने ही दोनों बच्चों का पालन पोषण कर रही हैं। उनकी घर के साथ ही करियाना की दुकान है। अब निहाल से ही परिवार को उम्मीद थी। उसकी मौत के बाद परिवार परिवार में मातम छाया हुआ है।


