सिवनी जिले के घंसौर में पुलिस ने शुक्रवार दोपहर गांजा बेचने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया। उसके पास से 1 किलो 206 ग्राम गांजा मिला, जिसकी कीमत करीब 20 हजार रुपए बताई गई है। पुलिस ने गांजा ले जाने में इस्तेमाल की जा रही मोटरसाइकिल भी जब्त की। घंसौर थाना प्रभारी लक्ष्मण झारिया ने शाम 6:30 बजे बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी। एक युवक मोटरसाइकिल से गांजा लेकर बिक्री के लिए घंसौर-मंडला तिराहा समनापुर रोड की ओर आने वाला था। सूचना पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी की। बाइक से आ रहा युवक पुलिस को देखकर उसने भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। पूछताछ में युवक की पहचान आदित्य उर्फ अज्जू उर्फ अजय यादव (32), पिता स्व. जमना प्रसाद यादव, निवासी पुरानी बस्ती घंसौर के रूप में हुई। तलाशी में उसके पास से 1 किलो 206 ग्राम गांजा मिला। गांजे के वैध दस्तावेज मांगने पर वह कोई दस्तावेज नहीं दिखा सका। पुलिस के मुताबिक, युवक ने बताया कि वह किसी अज्ञात व्यक्ति से गांजा खरीदकर लाता था और छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर बेचता था।

