सोनीपत के गन्नौर में 24 सितंबर से ‘सेवा सेतु अभियान’ शुरू होगा। एसडीएम प्रवेश कादियान ने इसकी जानकारी दी। यह अभियान ‘सेवा संकल्प अभियान’ का हिस्सा है। गन्नौर ब्लॉक में ‘सरकार आपके द्वार’ नाम से शिविर लगाए जाएंगे। ये शिविर सभी विभागों द्वारा आयोजित किए जाएंगे। 24 सितंबर को बीडीपीओ कार्यालय में, 25 सितंबर को सीएचसी पुरखास में और 26 सितंबर को राजकीय विद्यालय दतौली में ये शिविर लगेंगे। एक महीना चलेगा सेवा संकल्प अभियान एसडीएम ने बताया कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक चलेगा। इसी के तहत गन्नौर ब्लॉक में तीन दिन के ‘सेवा सेतु अभियान’ शिविर लगेंगे। इन शिविरों में सभी विभागों के प्रमुख अधिकारी मौजूद रहेंगे। वे नागरिकों को सरकारी योजनाओं और सेवाओं के बारे में बताएंगे। साथ ही, लोगों के आवेदनों का मौके पर ही निपटारा भी करेंगे। एसडीएम ने लोगों से अपील की है कि वे इन शिविरों में ज्यादा से ज्यादा संख्या में पहुंचें। इससे वे अपनी समस्याओं का समाधान करा सकेंगे।

