महराजगंज में किसानों ने अपनी समस्याओं और विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल के माध्यम से उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को एक ज्ञापन सौंपा है। किसानों ने जल्द से जल्द इन मांगों का समाधान करने की अपील की है। जिला अध्यक्ष शैलेश त्रिपाठी ने अपने 11 सूत्रीय मांगों में मुख्य रूप से गणेश शुगर मिल को दोबारा शुरू कराने, कर्मचारियों की देनदारी का भुगतान करने और बिचौलियों की भूमिका पर कार्रवाई करने की मांग की है। किसानों का कहना है कि गन्ना एक नगदी फसल है और गणेश शुगर मिल के चलने से क्षेत्र के किसानों को स्थानीय स्तर पर फायदा मिलेगा। उन्होंने गड़ौरा शुगर मिल द्वारा बिहार के बगहा से गन्ना पर्ची लेकर की गई खरीद का भुगतान कराने की भी मांग की। ज्ञापन में नगर पंचायत और नगर पालिका क्षेत्र में आने वाले किसानों को कृषि सुविधाएं देने, फार्मर रजिस्ट्री जैसी योजनाओं की प्रक्रिया आसान करने और सरकारी योजनाओं का सर्वे कर सही किसानों को फायदा दिलाने की मांग भी शामिल थी। मछली पालन करने वाले किसानों को ही गांव के तालाबों का पट्टा देने और समितियों पर समय पर खाद-बीज देने की मांग भी रखी गई। किसानों ने खेती की लागत के हिसाब से अच्छा दाम देने, खेती को उद्योग से जोड़ने, सिंचाई के लिए बिजली की सुविधा आसान करने और खेतों तक बिजली के खंभे पहुंचाने की मांग की। गन्ने का मूल्य 600 रुपये प्रति क्विंटल करने की मांग भी इस ज्ञापन में शामिल थी। इस दौरान जिला अध्यक्ष शैलेश त्रिपाठी, हरि गोविंद मिश्रा, घनश्याम पांडे, शिवालाल वर्मा, रामरक्षा वर्मा, पुरुषोत्तम, जोखन सिंह और रामहित गुप्ता समेत कई किसान मौजूद थे।

