बागपत के शहर कोतवाली क्षेत्र के निरोजपुर गांव में पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। मारपीट में एक पक्ष के दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया कि खेत में काम करने के दौरान दूसरे पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों, धारदार हथियारों और अवैध तमंचों के बट से हमला किया। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित सारिक पुत्र इमरान के मुताबिक, वह अपने खेत में काम कर रहे थे। इसी दौरान गांव के कोकब पुत्र जगबीर अपने साथियों के साथ वहां पहुंच गए। आरोप है कि पुराने विवाद को लेकर आरोपियों ने उनके साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। तमंचे के बट से हमला करने का आरोप सारिक ने आरोप लगाया कि हमलावरों के पास अवैध तमंचे भी थे। आरोपियों ने तमंचों के बट से भी मारपीट की। हमले में दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों के पहुंचने पर आरोपी मौके से चले गए। इसके बाद घायलों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। परिवार बोला- दबंग हैं आरोपी घटना के बाद पीड़ित परिवार ने शनिवार शाम कोतवाली पहुंचकर पुलिस को शिकायत दी। परिवार का आरोप है कि आरोपी दबंग किस्म के हैं और उन पर समझौते का दबाव बना सकते हैं। पीड़ितों ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ उचित कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने केस दर्ज कर शुरू की जांच शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले में केस दर्ज कर लिया है। कोतवाली प्रभारी मनोज चाहल ने बताया कि दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है।

