गाजियाबाद के क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस ने ड्रग्स तस्करी के आरोप में एक महिला को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके पास से 126 ग्राम ड्रग्स बरामद की है। पूछताछ में सामने आया कि महिला दिल्ली से सस्ते दाम पर ड्रग्स खरीदकर लाती थी और फिर उसे छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर आसपास के इलाकों में बेचती थी। पुलिस के मुताबिक, 16 सितंबर को क्रॉसिंग रिपब्लिक थाना पुलिस की टीम इलाके में गश्त कर रही थी। बीआर इंटरनेशनल स्कूल के पास एक महिला संदिग्ध हालत में दिखी। उसे रोककर तलाशी ली गई तो उसके पास से 126 ग्राम ड्रग्स मिली। इसके बाद पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू की। गिरफ्तार महिला की पहचान शबनम के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि शबनम क्रॉसिंग रिपब्लिक इलाके की रहने वाली है, लेकिन फिलहाल दिल्ली में रह रही थी। शबनम ने पुलिस को बताया कि वह दिल्ली से कम कीमत पर ड्रग्स खरीदती थी। फिर उसे छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर लाल क्वार्टर, सुदामापुरी और आसपास के क्षेत्रों में ड्रग्स लेने वाले लोगों को बेचती थी। इस काम से उसे काफी मुनाफा होता था। पुलिस रिकॉर्ड की जांच में सामने आया है कि शबनम के खिलाफ पहले से कई मामले दर्ज हैं। विजयनगर थाने में उसके खिलाफ मादक पदार्थ और आबकारी से जुड़े चार केस दर्ज हैं। वहीं, क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने में भी मादक पदार्थों से जुड़े पांच पुराने मामले दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड में उसे क्रॉसिंग रिपब्लिक थाने की हिस्ट्रीशीटर बताया गया है। पुलिस ने बरामद ड्रग्स को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। अब पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शबनम ड्रग्स कहां से खरीदती थी और इस नेटवर्क में उसके साथ कौन-कौन लोग जुड़े हैं। पुलिस उससे पूछताछ के आधार पर सप्लाई से जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है।

