भारत और पाकिस्तान के बीच हॉकी विश्व कप 2026 में खेले गए मैच के बाद दोनों देशों के खिलाड़ियों ने एक दूसरे से हाथ मिलाये। इसके बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं।
India vs Pakistan Hockey World Cup 2026: हॉकी विश्व कप 2026 के पूल-डी मुकाबले में भारत ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को 5-3 से हरा दिया। इस जीत के साथ भारत अगले राउंड में पहुंच गया है। वहीं पाकिस्तान का सफर इस विश्व कप में खत्म हो गया है। मैच के बाद दोनों टीमों के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ ने एक-दूसरे को हाई-फाइव किया और हाथ मिलाया।
इसके बाद सोशल मीडिया पर यूजर्स अपनी प्रतिक्रिया दे रहे हैं। एक यूजर ने लिखा, “जब हॉकी टीम खेल भावना का सम्मान करते हुए हाथ मिला सकती है, तो क्रिकेट टीम इतना ड्रामा क्यों करती है?”एक अन्य यूजर ने लिखा, “यह देखकर अच्छा लगा। क्रिकेट में नौटंकी बंद करो।”
पहलगाम हमले के बाद तनाव बढ़ा
भारत और पाकिस्तान के बीच पिछले कुछ समय से रिश्ते सामान्य नहीं हैं और दोनों देशों की क्रिकेट टीमें एक-दूसरे से हाथ नहीं मिलातीं। 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में आतंकियों ने पर्यटकों पर हमला किया था। इस हमले में 26 लोग मारे गए थे और कई घायल हुए थे। इसके बाद खेल जगत में भी तनाव बढ़ गया। भारतीय क्रिकेट टीमों (पुरुष और महिला) ने पाकिस्तान के खिलाफ मैचों में पारंपरिक हाथ मिलाने से इनकार कर दिया।
सितंबर 2025 में दुबई में हुए एशिया कप में भारतीय टीम के कप्तान सूर्यकुमार यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ तीनों मुकाबलों में टॉस या मैच के बाद हाथ नहीं मिलाया। फाइनल में भारत ने पाकिस्तान को हराकर खिताब बरकरार रखा, लेकिन ट्रॉफी प्रेजेंटेशन में विवाद हो गया। भारतीय टीम ने एशियाई क्रिकेट काउंसिल (ACC) अध्यक्ष मोहसिन नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया।
मैच का हाल
भारत ने मुकाबले की शुरुआत दमदार अंदाज में की और गेंद पर कंट्रोल बनाया। मैच के चौथे मिनट में ही भारतीय टीम को पेनल्टी कॉर्नर मिला, जिसका भरपूर फायदा उठाते हुए कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया। 1-0 की बढ़त को भारत ने जल्द ही दोगुना कर दिया। मैच के 11वें मिनट में अभिषेक से मिले शानदार पास को मंदीप सिंह ने गोल में तब्दील किया। पहले क्वार्टर में 2-0 की बढ़त के साथ भारतीय टीम का पूरी तरह से दबदबा रहा।
दूसरे क्वार्टर का आगाज भी भारतीय टीम ने शानदार तरीके से किया। मैच के 20वें मिनट में मिले पेनल्टी कॉर्नर को गोल में तब्दील करते हुए कप्तान हरमनप्रीत ने भारत की बढ़त को 3-0 कर दिया। हालांकि, इसके बाद पाकिस्तान ने मैच में कुछ हद तक वापसी करने की कोशिश की। मैच के 21वें मिनट में पाकिस्तान की तरफ से हन्नान शाहिद ने पहला गोल दागा।
इसके ठीक दो मिनट बाद ही अभिषेक ने एक और शानदार गोल दागा और भारत की बढ़त को 4-1 कर दिया। मैच के 24वें मिनट में सुफियान खान ने पाकिस्तान की ओर से दूसरा गोल किया और स्कोर को 4-2 कर दिया। तीसरे क्वार्टर की शुरुआत में भारत के सुखजीत सिंह को ग्रीन कार्ड मिला। मैच के 34वें मिनट मे भारत ने अपनी बढ़त को 5-2 कर दिया। भारत के लिए पांचवां गोल हार्दिक सिंह ने पेनल्टी स्ट्रोक पर दागा। चौथे और अंतिम क्वार्टर की शुरुआत पाकिस्तान के लिए अच्छी रही। मैच के 45वें मिनट में पाकिस्तान के हन्नान शाहिद ने गोल करते हुए स्कोर को 5-3 कर दिया।
इसके बाद भारत और पाकिस्तान की तरफ से गोल करने के कई प्रयास किए गए, लेकिन किसी भी टीम को सफलता हाथ नहीं लगी। हरमनप्रीत की कप्तानी में भारतीय टीम ने पाकिस्तान को गोल करने का कोई और मौका नहीं दिया। इस जीत के साथ ही भारतीय टीम ने अगले राउंड में अपनी जगह बना ली है। वहीं, हार के साथ पाकिस्तान का विश्व कप में सफर समाप्त हो गया है।
Sports – Patrika | CMS


India and
Pakistan hockey players shake hands after their World Cup match. 