‘कृति सेनन के आउटफिट जितना गुस्सा भी नहीं’, बिहार कांड के बीच एबिगेल पांडे ने उठाए लोगों की चुप्पी पर सवाल

‘कृति सेनन के आउटफिट जितना गुस्सा भी नहीं’, बिहार कांड के बीच एबिगेल पांडे ने उठाए लोगों की चुप्पी पर सवाल

Abigail Pandey Statement: टीवी एक्ट्रेस एबिगेल पांडे ने देश में महिलाओं के खिलाफ हो रही हिंसा और गलत व्यवहार के मामलों को लेकर सोशल मीडिया पर अपनी नाराजगी जाहिर की है। उन्होंने एक विज्ञापन में कृति सेनन के आउटफिट को लेकर हुए विवाद और महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामलों पर लोगों की प्रतिक्रिया की तुलना करते हुए सवाल उठाया कि आखिर महिलाओं के कपड़ों पर सवाल करना इतना आसान क्यों है। एबिगेल ने अपनी पोस्ट में बिहार की घटना का सीधे तौर पर जिक्र नहीं किया, लेकिन उनका बयान जमुई मामले को लेकर चल रही चर्चा के बीच सामने आया है।

एबिगेल पांडे की इंस्टा स्टोरी
एबिगेल पांडे की इंस्टा स्टोरी

कृति सेनन के आउटफिट पर गुस्से को लेकर एबिगेल का सवाल

एबिगेल पांडे ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर लिखा कि देश में इतने रेप होने के बावजूद एक विज्ञापन में कृति सेनन के आउटफिट को लेकर जितना गुस्सा देखने को मिला, उसका आधा भी महिलाओं के खिलाफ हिंसा के मामलों पर नजर नहीं आता।

उन्होंने आगे सवाल किया कि क्या किसी महिला को यह बताना आसान है कि उसे क्या पहनना चाहिए, बजाय इसके कि पुरुषों से खुद पर नियंत्रण रखने के लिए कहा जाए। एबिगेल की इस पोस्ट में बिहार की घटना का नाम नहीं लिया गया है।

आयशा खान भी महिलाओं के खिलाफ हिंसा पर भड़कीं

बिहार की घटना और महिलाओं के साथ होने वाले गलत व्यवहार पर प्रतिक्रिया देने वाली एबिगेल अकेली एक्ट्रेस नहीं हैं। बता दें, इससे पहले आयशा खान ने भी सोशल मीडिया पर अपना गुस्सा जाहिर किया। उन्होंने लिखा कि वह दुखी या हैरान नहीं, बल्कि गुस्से में हैं।

आयशा ने महिलाओं के खिलाफ होने वाले मामलों को लेकर कहा कि हर दिन एक नया वीडियो, नया केस या किसी महिला के साथ गलत व्यवहार, हैरेसमेंट या क्रूरता सामने आती है। इसके बाद चर्चा अक्सर इस बात पर पहुंच जाती है कि महिला क्या कर रही थी, कहां थी, उसने क्या पहना था या वह अकेली क्यों थी।

‘मैं निराश और गुस्से में हूं’

आयशा ने दिल्ली और जमुई से सामने आई रिपोर्ट्स का जिक्र करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने कहा कि इन घटनाओं को देखकर उन्हें घृणा और निराशा महसूस हुई है। उन्होंने नेताओं की ओर से आने वाले उन जवाबों पर भी सवाल उठाए, जिनमें उनके अनुसार महिलाओं के साथ हुई घटनाओं पर उनका बचाव करने के बजाय महिलाओं से ही सवाल किए जाते हैं। आयशा ने महिलाओं से अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देने और समाज के फैसले की चिंता न करने की अपील भी की।

इसके साथ ही, दिशा पटानी की बहन खुशबू पटानी ने भी बिहार की स्थिति पर सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने तस्वीरों की एक सीरीज शेयर करते हुए लिखा, “भगवान का शुक्र है कि महिलाएं सिर्फ बराबरी मांगती हैं, बदला नहीं।” खुशबू की पोस्ट पर दिशा पटानी ने भी लाल दिल वाले इमोजी के साथ अपना समर्थन जाहिर किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *