कुरक्षेत्र के गांधीनगर में नशे की रोकथाम के लिए पहुंची पुलिस टीम के साथ कथित धक्का-मुक्की और मारपीट का मामला सामने आया है। विजय को हिरासत में लिए जाने के विरोध में उसके परिजन और स्थानीय लोग पुराने बस स्टैंड के पास पहुंच गए। इन लोगों ने सड़क पर जाम लगाने की कोशिश की और विजय को रिहा करने की मांग की। परिवार का आरोप था कि पुलिस विजय को बिना किसी वजह के अपने साथ ले गई है। उन्होंने पुलिस के सामने विजय को छोड़ने की मांग रखी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और प्रदर्शन कर रहे लोगों से बातचीत की। काफी देर तक चली बातचीत के बाद पुलिस ने मामले में उचित कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद लोग शांत हुए और घर लौट गए। नशे की रोकथाम के लिए पहुंची थी SWAT टीम पुलिस के मुताबिक, 26 सितंबर को हरियाणा पुलिस की SWAT टीम गांधी नगर के वाल्मीकि चौक के पास नशे की रोकथाम के लिए मौजूद थी। इसी दौरान टीम को सूचना मिली कि गांधीनगर की गली नंबर-1 में दीपक नशा बेच रहा है। सूचना पर टीम दीपक के घर के सामने पहुंची। यहां घर के सामने एक बाइक खड़ी थी। टीम ने वहां मौजूद लोगों से बाइक के बारे में पूछताछ की। आरोप है कि इसी दौरान वहां मौजूद लोगों ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौज और धक्का-मुक्की शुरू कर दी। कुछ देर में मौके पर कई अन्य लोग और महिलाएं भी पहुंच गईं। इन लोगों ने टीम के साथ गाली-गलौज, मारपीट और सरकारी काम में बाधा डालने की कोशिश की। पुलिसकर्मी के सिर पर नुकीली चीज से वार का आरोप टीम के ASI राज कुमार की शिकायत के मुताबिक, झगड़े के दौरान विजय ने जेब से कोई नुकीली चीज निकालकर उनके सिर पर वार किया। वहीं महिंद्र सिंह पर पुलिसकर्मी के पेट और कंधे पर थप्पड़ और मुक्के मारने का आरोप लगाया गया है। विजय, महिंद्र और अन्य लोगों ने पुलिस टीम को नशे की रोकथाम के लिए दोबारा यहां आने पर जान से मारने की धमकी दी। विजय की हिरासत के विरोध में सड़क पर पहुंचे लोग पुलिस कार्रवाई के बाद विजय को हिरासत में लिए जाने की बात सामने आई तो उसके परिजन और गांधीनगर के लोग पुराने बस स्टैंड के पास पहुंच गए। आरोप लगाया कि विजय को बिना वजह पुलिस अपने साथ ले गई है। उन्होंने सड़क पर जाम लगाने की कोशिश करते हुए उसकी रिहाई की मांग की। SHO बोले- तस्करी में शामिल किसी को नहीं बख्शेंगे थाना कृष्णा गेट के SHO निरीक्षक नरेश कुमार ने कहा कि नशे की तस्करी में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। नशे के खिलाफ कार्रवाई में बाधा डालने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस SWAT टीम के साथ कथित मारपीट, सरकारी काम में बाधा और धमकी के आरोपों पर कार्रवाई की जा रही है।

