कीटनाशक निगलने वाली मासूम की मौत:घरेलू कलह के बीच मां ने दो बेटियों को खिलाया जहर, खुद भी निगला

कीटनाशक निगलने वाली मासूम की मौत:घरेलू कलह के बीच मां ने दो बेटियों को खिलाया जहर, खुद भी निगला

प्रतापगढ़ के कुंडा कोतवाली क्षेत्र के सरियावां मुराई का पुरवा गांव में यहां घरेलू कलह के चलते मां और उसकी दो बेटियों ने कीटनाशक निगल लिया था। इस मामले में तीन साल की मासूम बेटी की प्रयागराज मे इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना से परिवार में मातम पसरा है। जानकारी के अनुसार, गांव के रहने वाले रोहित कुमार और उनकी पत्नी आसमा देवी के बीच कुछ समय से विवाद चल रहा था। सोमवार दोपहर को रोहित गांव से बाहर गए हुए थे। इसी दौरान आसमा देवी अपनी साढ़े चार साल की बेटी संध्या और तीन साल की बेटी सुमन्या के साथ गांव में ठेले से गोलगप्पे खरीदकर घर लौटीं। आरोप है कि घर पहुंचने के बाद आसमा ने बैंगन में कीड़े मारने के लिए इस्तेमाल होने वाला कीटनाशक लिया। उन्होंने इसे अपनी दोनों बेटियों को खिला दिया और खुद भी निगल लिया। कुछ देर बाद तीनों की तबीयत बिगड़ने लगी। शोर सुनकर गांव वाले मौके पर पहुंचे और उन्होंने रोहित को घटना की जानकारी दी। परिजन और गांव वाले तीनों को सीएचसी कुंडा ले गए। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उनकी हालत गंभीर देखते हुए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल रेफर कर दिया गया। सोमवार देर रात इलाज के दौरान तीन साल की सुमन्या की मौत हो गई। आसमा देवी और उनकी साढ़े चार साल की बेटी संध्या का इलाज अभी भी चल रहा है। मंगलवार को परिजन मासूम सुमन्या का शव लेकर गांव पहुंचे। शाम करीब पांच बजे गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार किया गया। इस घटना से पूरे परिवार और गांव में शोक का माहौल है। पुलिस के मुताबिक, अब तक की जांच में घटना की वजह घरेलू विवाद सामने आया है। एसओ एके सिंह ने बताया कि उन्हें बच्ची की मौत की सूचना मिली है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *