कानपुर में बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य और समुचित देखभाल के उद्देश्य से वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्या डॉ. वंदना पाठक के निर्देशन में एक दिवसीय निःशुल्क स्वर्णप्राशन संस्कार शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में देहरादून से वरिष्ठ आयुर्वेदाचार्य डॉ. नवीन जोशी भी विशेष रूप से उपस्थित रहे। शिविर का आयोजन आरोग्य क्लिनिक, लाल बंगला, सीएसजेएम विश्वविद्यालय स्वास्थ्य केंद्र और राजकीय बालिका गृह, स्वरूप नगर में किया गया। इस दौरान करीब 135 बच्चों को निःशुल्क स्वर्णप्राशन संस्कार कराया गया। डॉ. वंदना पाठक ने स्वर्णप्राशन संस्कार की पारंपरिक आयुर्वेदिक महत्ता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आयुर्वेद में इसे बाल स्वास्थ्य से जुड़ी महत्वपूर्ण विधि माना गया है। भारतीय परंपरा में वर्णित 16 संस्कारों में भी इसका उल्लेख मिलता है। शिविर का उद्देश्य बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और आयुर्वेदिक परंपराओं से परिचित कराना रहा।

