कांवड़ यात्रा की सुरक्षा पर प्रशासन की पैनी नजर:डीएम-एसपी ने कंट्रोल रूम का किया औचक निरीक्षण, CCTV से परखी कांवड़ रूट की स्थिति

कांवड़ यात्रा की सुरक्षा पर प्रशासन की पैनी नजर:डीएम-एसपी ने कंट्रोल रूम का किया औचक निरीक्षण, CCTV से परखी कांवड़ रूट की स्थिति

बस्ती में श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस ने निगरानी व्यवस्था और सख्त कर दी है। रविवार दोपहर करीब 1 बजे जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्सना और पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने पुलिस लाइन सभागार में स्थापित अत्याधुनिक कंट्रोल रूम का औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने यहां से कांवड़ मार्ग समेत प्रमुख स्थानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम और एसपी ने कांवड़ मार्ग, प्रमुख चौराहों, राष्ट्रीय राजमार्ग और भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर में लगे CCTV कैमरों की लाइव फीड देखी। कैमरों को जूम-इन कर शहर और कांवड़ मार्ग के अलग-अलग स्थानों की स्थिति परखी गई। अधिकारियों ने भीड़भाड़ वाले और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने के निर्देश दिए। जोन-सेक्टर में बांटा गया पूरा कांवड़ रूट जिलाधिकारी ने बताया कि कांवड़ यात्रा की विशालता और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को देखते हुए पूरे कांवड़ मार्ग और जिले को जोन और सेक्टरों में बांटा गया है। प्रत्येक जोन और सेक्टर में पर्याप्त पुलिस बल के साथ मजिस्ट्रेटों की तैनाती की गई है। यातायात व्यवस्था और कांवड़ियों की सुरक्षा के लिए तैनात पुलिसकर्मियों की स्थिति की भी अधिकारियों ने जानकारी ली। सड़क मरम्मत से लेकर रोशनी तक की व्यवस्था प्रशासन के अनुसार कांवड़ मार्ग की सड़कों की मरम्मत का काम पहले ही पूरा कराया जा चुका है। मार्ग पर साफ-सफाई के साथ पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। इसके अलावा पूरे कांवड़ रूट पर संयुक्त कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। इनमें विभिन्न विभागों की टीमें 24 घंटे तैनात रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी। आपात स्थिति में तत्काल मदद के निर्देश डीएम-एसपी ने कंट्रोल रूम में तैनात पुलिसकर्मियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसी भी आपात स्थिति में बिना देरी किए कार्रवाई की जाए। कांवड़ियों को जरूरत पड़ने पर तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए भी कहा गया। प्रशासन का दावा है कि कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *