कांग्रेस यूपी सह-प्रभारी ने कानपुर-बुंदेलखंड का किया दौरा:बोले- मैं राज जानने आया हूं, कार्यकर्ता कन्फ्यूजन न हों 403 सीटों पर तैयारी करें

कांग्रेस यूपी सह-प्रभारी ने कानपुर-बुंदेलखंड का किया दौरा:बोले- मैं राज जानने आया हूं, कार्यकर्ता कन्फ्यूजन न हों 403 सीटों पर तैयारी करें

कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और यूपी के सह प्रभारी जगदीश चंद्र जांगिड़ 17 सितंबर से बुंदेलखंड से लेकर कानपुर-बुंदेलखंड के अलग-अलग जिलों के दौरे पर हैं। शनिवार शाम करीब 5 बजे वह कानपुर पहुंचे। यहां मेस्टन रोड स्थित तिलक हाल कांग्रेस कार्यालय में ग्रामीण और शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ संवाद किया। जांगिड़ ने पदाधिकारियों से कहा कि गठबंधन होगा या नहीं, इसको लेकर किसी तरह के कन्फ्यूजन में रहने की जरूरत नहीं है। पार्टी सभी 403 विधानसभा सीटों पर तैयारी कर रही है। किस सीट से कौन चुनाव लड़ेगा, इसका फैसला पार्टी आलाकमान करेगा। बोले- मैं यहां कार्यकर्ताओं से ‘राज’ जानने आया हूं
जांगिड़ ने कहा कि वह कानपुर-बुंदेलखंड की विधानसभा सीटों की जमीनी स्थिति जानने के लिए कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से संवाद कर रहे हैं। उन्होंने अलग-अलग जिलों में विधानसभा सीटों की स्थिति, संगठन की मजबूती और संभावित राजनीतिक समीकरणों की जानकारी ली। 17 सितंबर से शुरू हुए दौरे में वह ललितपुर, महोबा, हमीरपुर और कानपुर देहात में संवाद कार्यक्रमों में शामिल हो चुके हैं। इस दौरान उन्होंने संबंधित जिलों में विधानसभा सीटों की संख्या और प्रत्येक सीट पर पार्टी की स्थिति के बारे में पदाधिकारियों से जानकारी ली। कानपुर ग्रामीण और शहर की 14 सीटों को लेकर भी ली जानकारी
कानपुर पहुंचने के बाद जांगिड़ ने ग्रामीण और शहर कांग्रेस के पदाधिकारियों के साथ अलग-अलग संवाद किया। उन्होंने कानपुर ग्रामीण और शहर की कुल 14 विधानसभा सीटों को लेकर भी संगठन की स्थिति और चुनावी तैयारियों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि टिकट को लेकर किसी भी तरह का भ्रम नहीं होना चाहिए। कांग्रेस को सभी 403 सीटों पर अपनी तैयारी पूरी रखनी है। जहां जो उम्मीदवार उचित रहेगा, पार्टी वहां उसे टिकट देने का फैसला करेगी। एमजीएस वाखरा बोले- आपसी मनमुटाव दूर कर एकजुट होकर काम करें
बैठक में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एमजीएस वाखरा ने संगठन में एकजुटता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं को आपसी मनमुटाव दूर कर संगठन के लिए काम करना होगा।
उन्होंने कहा कि पद की चिंता छोड़कर पहले पार्टी के लिए काम करने का मन बनाना होगा। एकजुट होकर काम करने पर ही पार्टी को मजबूती मिलेगी। दूसरे दलों से आने वालों की पहले ‘लॉयलिटी टेस्ट’ हो
कानपुर ग्रामीण जिलाध्यक्ष संदीप शुक्ला ने बैठक में पदाधिकारियों की राय रखते हुए कहा कि दूसरे दलों से कांग्रेस में आने वाले नेताओं के मामले में जल्दबाजी नहीं की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे नेताओं का पार्टी में स्वागत है, लेकिन टिकट देने से पहले उनकी पार्टी के प्रति निष्ठा और संगठन के लिए काम करने की क्षमता को परखा जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहले ऐसे लोगों से संगठन में लंबे समय तक काम कराया जाए और उसके बाद टिकट पर विचार किया जाए। गठबंधन पर बोले जांगिड़- मजबूत सीटों पर कांग्रेस अपनी हिस्सेदारी चाहेगी
गठबंधन के सवाल पर जांगिड़ ने कहा कि कांग्रेस गठबंधन में पूरे हिस्से के साथ शामिल होगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को कम सीटें मिलने की जो चर्चाएं चल रही हैं, उस पर अंतिम स्थिति आलाकमान के फैसले के बाद ही स्पष्ट होगी। उन्होंने कहा कि गठबंधन की स्थिति में कांग्रेस उन सीटों पर अपनी हिस्सेदारी की मांग करेगी, जहां पार्टी की मजबूत स्थिति होगी। टिकट और सीटों का अंतिम फैसला पार्टी आलाकमान ही करेगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *