कवर्धा में पुलिस आरक्षक भर्ती वेटिंग लिस्ट के लिए प्रदर्शन:अभ्यर्थियों ने सड़क पर बिताई रात, CM के नाम सौंपा ज्ञापन, एक सप्ताह का अल्टीमेटम

कवर्धा में पुलिस आरक्षक भर्ती वेटिंग लिस्ट के लिए प्रदर्शन:अभ्यर्थियों ने सड़क पर बिताई रात, CM के नाम सौंपा ज्ञापन, एक सप्ताह का अल्टीमेटम

छत्तीसगढ़ पुलिस आरक्षक भर्ती 2023-24 की वेटिंग लिस्ट जारी नहीं होने से नाराज अभ्यर्थियों ने शुक्रवार (20 अगस्त) को कवर्धा जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में पहुंचे अभ्यर्थियों ने रिक्त करीब 1600 पदों को दूसरी चयन सूची के जरिए भरने की मांग की। प्रदर्शन के बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपने के लिए अभ्यर्थियों ने कलेक्ट्रेट की ओर रैली निकाली, लेकिन पुलिस ने सरदार पटेल मैदान के पास ही रैली रोक दी। इसके बाद अभ्यर्थी सड़क पर बैठकर धरना देने लगे। 5967 में से 4367 पद ही भरे जाने का दावा अभ्यर्थियों का कहना है कि पुलिस आरक्षक भर्ती में कुल 5967 पद थे, लेकिन प्रथम सूची में सिर्फ 4367 पद ही भरे गए। करीब 1600 पद अब भी रिक्त हैं। उनका दावा है कि एक ही अभ्यर्थी का एक से अधिक जिलों की चयन सूची में नाम आने के कारण सभी पद नहीं भरे जा सके। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि रिक्त पदों को दूसरी सूची यानी वेटिंग लिस्ट जारी कर भरा जाए। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया को आगे बढ़ने में 7-8 महीने बीत चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्पष्ट निर्णय नहीं लिया गया है। हाईकोर्ट के फैसले का भी दिया हवाला अभ्यर्थियों ने दावा किया कि इस मामले में बिलासपुर हाईकोर्ट का फैसला भी आया है। उनके मुताबिक, प्रथम सूची से सभी 5967 पद नहीं भरे जा सकते और शेष पदों को दूसरी सूची के जरिए भरे जाने की बात कही गई है। इसके बावजूद वेटिंग लिस्ट जारी नहीं होने से अभ्यर्थियों में नाराजगी है। प्रदर्शन कर रहे युवाओं का कहना है कि पहले उन्हें जल्द सूची जारी करने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन अब नए नियमों का हवाला देकर प्रक्रिया को आगे नहीं बढ़ाया जा रहा है। रैली रोकी तो सड़क पर बैठे, रात भी धरना स्थल पर गुजारी कलेक्ट्रेट की ओर जा रही रैली को पुलिस ने सरदार पटेल मैदान के पास रोक दिया। इसके बाद अभ्यर्थी सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन अभ्यर्थियों ने प्रदर्शन जारी रखा। अभ्यर्थी अभी भी विधायक कार्यालय के सामने प्रदर्शन पर बैठे हुए है और किसी ठोस आश्वासन का इंतज़ार कर रहे हैं। प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ के अलग-अलग संभागों से अभ्यर्थी पहुंचे हैं। आंदोलनकारी युवाओं ने धरना स्थल पर ही रात गुजारी। उनका कहना है कि जब तक सरकार की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिलता, आंदोलन जारी रहेगा। एक सप्ताह का अल्टीमेटम अभ्यर्थियों ने मुख्यमंत्री और गृह मंत्री से रिक्त पदों को दूसरी सूची के माध्यम से भरने की मांग की है। उन्होंने सरकार को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए कहा है कि तय समय में वेटिंग लिस्ट जारी नहीं की गई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। तहसीलदार ने लिया ज्ञापन रैली रोके जाने के बाद तहसीलदार कवर्धा परमेश्वर मंडावी मौके पर पहुंचे और अभ्यर्थियों से ज्ञापन लिया। उन्होंने कहा कि मांग शासन स्तर से जुड़ी है। ज्ञापन को कलेक्टर के माध्यम से राज्य शासन को भेजा जाएगा और इस पर निर्णय शासन स्तर पर ही लिया जा सकता है। धरना स्थल पर पुलिस बल तैनात अभ्यर्थियों के लगातार प्रदर्शन को देखते हुए कानून-व्यवस्था के मद्देनजर धरना स्थल पर बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए गए हैं। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों से सड़क खाली करने की अपील कर रही है, लेकिन अभ्यर्थियों का कहना है कि मांग पूरी होने तक वे आंदोलन खत्म नहीं करेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *