मऊगंज जिले की हनुमना पुलिस ने कफ सिरप तस्करी के मामले में करीब तीन साल से फरार दो आरोपियों को सीधी जिले से गिरफ्तार किया है। सुनील केवट उर्फ लालू केवट (37) और पवन पांडेय उर्फ गोलू पांडेय (25) अक्टूबर 2023 में स्कॉर्पियो से 710 शीशी कफ सिरप मिलने के बाद से फरार थे। पुलिस को देखकर गाड़ी छोड़कर भागे थे आरोपी हनुमना थाना प्रभारी राजेश पटेल के मुताबिक, 23 अक्टूबर 2023 को उत्तर प्रदेश की ओर से सफेद रंग की स्कॉर्पियो (MP65T0224) आती दिखी थी। शक होने पर पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, लेकिन चालक ने गाड़ी दूसरी दिशा में मोड़ दी। आगे रास्ता नहीं मिलने पर गाड़ी में सवार तीन लोग उसे छोड़कर भागने लगे। पुलिस ने घेराबंदी कर सीधी जिले के जमोड़ी थाना क्षेत्र के निवासी सत्यार्थ सिंह उर्फ प्रभात को पकड़ लिया था। सुनील केवट और पवन पांडेय मौके से फरार हो गए थे। स्कॉर्पियो से मिली थीं 710 शीशी पुलिस के मुताबिक, स्कॉर्पियो की तलाशी में 710 शीशी आनरेक्स कफ सिरप मिली थीं। इनकी कीमत 1 लाख 20 हजार 700 रुपए बताई गई थी। मामले में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8, 21 और 22 के साथ मध्यप्रदेश ड्रग कंट्रोल एक्ट की धारा 5/13 के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। सीधी में अलग-अलग जगह रह रहे थे आरोपी गिरफ्तार सुनील केवट सीधी में कृषि विज्ञान केंद्र के सामने रहता है। वहीं, पवन पांडेय ग्राम भमरहा का निवासी है और फिलहाल सीधी की नूतन कॉलोनी में रह रहा था। बुधवार को गिरफ्तारी के बाद पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है। यह कार्रवाई मऊगंज पुलिस अधीक्षक मनोहर सिंह मंडलोई के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शशिकांत सरयाम और एसडीओपी सचि पाठक के मार्गदर्शन में हुई। टीम का नेतृत्व थाना प्रभारी राजेश पटेल ने किया।

