उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में ऑनलाइन जुए में लाखों रुपये हारने के बाद एक युवक ने आत्महत्या कर ली। 35 वर्षीय शशि कुमार का शव मंगलवार सुबह चांदपुर थाना क्षेत्र के हरिजनपुर गांव के बाहर एक बाग में आम के पेड़ से लटका मिला। शशि गौरा गांव के पूर्व ग्राम प्रधान धनीराम के पुत्र थे।
ग्रामीणों के अनुसार, मंगलवार सुबह लगभग नौ बजे एक व्यक्ति ने बाग में पेड़ से शव को लटका देखा। उसने तुरंत गांव वालों को सूचना दी, जिसके बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों और पुलिस को घटना की जानकारी दी। घटनास्थल पर शशि कुमार की मोटरसाइकिल भी खड़ी मिली।
मृतक के पिता धनीराम ने बताया कि शशि की शादी करीब आठ साल पहले हुई थी। उसके परिवार में पत्नी उषा, बेटा उत्कर्ष और बेटी उर्वशी हैं। पति की मौत के बाद पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिजनों के मुताबिक, शशि ऑनलाइन जुआ खेलने का आदी था और इसमें लाखों रुपये गंवा चुका था। सोमवार को ही पता चला था कि उसने अपनी स्विफ्ट डिजायर कार एक लाख रुपये में गिरवी रखी थी। धनीराम ने आगे बताया कि सोमवार शाम शशि उनका मोबाइल फोन लेकर किसी व्यक्ति से पैसे लेने की बात कहकर घर से निकला था। शाम करीब छह बजे फोन पर उससे बात हुई थी, जिसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। परिजनों ने रात भर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिली। मंगलवार सुबह उसका शव मिलने पर परिवार को इस दुखद घटना का पता चला।
थाना प्रभारी वृंदावन राय ने जानकारी दी कि परिजनों की ओर से अभी तक किसी व्यक्ति पर कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।

