देवरिया में शारदीय नवरात्र और दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन सतर्क है। शनिवार देर रात 12 बजे एसपी अभिजीत आर. शंकर ने गौरीबाजार और रुद्रपुर थाना क्षेत्रों के दुर्गा पूजा पंडालों का दौरा कर सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। उन्होंने अधिकारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ नियंत्रण और यातायात व्यवस्था ठीक रखने के निर्देश दिए। महिला सुरक्षा के इंतजामों की जानकारी ली एसपी ने पंडालों में लगे सीसीटीवी कैमरों, आग बुझाने के उपकरणों और महिला सुरक्षा के इंतजामों की जानकारी ली। उन्होंने आयोजकों से सुरक्षा नियमों का पालन करने को कहा। भीड़ बढ़ने पर आवाजाही व्यवस्थित रखने और आपात स्थिति से निपटने के लिए सतर्क रहने के निर्देश भी दिए। एसपी ने ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को पंडालों के आसपास लगातार चेकिंग और पैदल गश्त बढ़ाने को कहा। भीड़भाड़ वाली जगहों पर सादे कपड़ों में महिला और पुरुष पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे, ताकि संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। अफवाह फैलाने वालों पर तुरंत कार्रवाई होगी।

