एटा जिले के शिवसिंहपुर में रविवार सुबह एक महिला का शव उसके घर की दूसरी मंजिल पर फांसी के फंदे से लटका मिला। सुबह करीब 7 बजे जब स्थानीय लोग सावन के तीसरे सोमवार की पूजा-अर्चना की तैयारी कर रहे थे। चीखने-चिल्लाने की आवाजें सुनकर स्थानीय निवासी मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि महिला कमरे में फांसी पर लटकी हुई थी। सूचना मिलते ही कोतवाली नगर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लिया। मृतक महिला की पहचान शिवसिंहपुर निवासी हर प्यारी, पत्नी नरोत्तम, के रूप में हुई है। उसकी उम्र लगभग 30 वर्ष बताई जा रही है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फॉरेंसिक टीम और अन्य विशेषज्ञ टीमों ने घटनास्थल का गहनता से निरीक्षण किया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, हर प्यारी अपनी तीन बहनों के साथ पास के मकानों में रहती थी। बताया जा रहा है कि आपसी कहासुनी के बाद महिला ने आवेश में आकर यह कदम उठाया और फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कोतवाली नगर पुलिस फिलहाल मामले की गहनता से जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि महिला ने आत्महत्या की है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। इस संबंध में, थाना कोतवाली नगर क्षेत्र की पटियाली गेट चौकी पर तैनात एसआई लोकेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद पुलिस बल के साथ वे तत्काल मौके पर पहुंचे और महिला के शव को कब्जे में ले लिया। उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और मौत के सही कारण का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा।

