सहारनपुर के बड़गांव थाना पुलिस ने गौकशी के मामले में फरार दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने चेकिंग के दौरान पुलिस टीम को देखकर फायरिंग कर दी और बाइक से जंगल की ओर भागने लगे। पीछा करने के दौरान बाइक फिसलकर गिर गई। इसके बाद आरोपियों ने दोबारा पुलिस पर फायरिंग की। जवाबी कार्रवाई में एक आरोपी के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा आरोपी जंगल की ओर भाग निकला। पुलिस ने कॉम्बिंग कर उसे भी गिरफ्तार कर लिया। दोनों के कब्जे से दो तमंचे .315 बोर, चार जिंदा और दो खोखा कारतूस, बिना नंबर प्लेट की बाइक और गोकशी के उपकरण बरामद किए गए हैं। 16 अगस्त को दर्ज हुआ था मुकदमा पुलिस के अनुसार, 16 अगस्त को थाना बड़गांव में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ गोवध अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया था। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों का गठन किया गया था। इसी क्रम में 17 अगस्त की सुबह थानाध्यक्ष बड़गांव नरेंद्र कुमार भड़ाना और सब इंस्पेक्टर संदीप कुमार पुलिस बल के साथ बड़गांव-नानौता मार्ग से मौरा जाने वाले रास्ते पर संदिग्ध व्यक्ति और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। पुलिस को देखते ही फायरिंग कर भागे इसी दौरान ग्राम माजरा की ओर से एक बाइक पर दो संदिग्ध आते दिखाई दिए। पुलिस टीम ने उन्हें रुकने का इशारा किया। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देखकर बाइक सवारों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी और बाइक लेकर मौरा के जंगल की ओर भागने लगे। पुलिस ने उनका पीछा किया। कुछ दूरी पर बाइक फिसलने के कारण दोनों आरोपी गिर गए। पुलिस टीम के नजदीक पहुंचने पर आरोपियों ने फिर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की। इसमें एक आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। दूसरा आरोपी जंगल की ओर भाग गया। कॉम्बिंग के दौरान दूसरे आरोपी को भी पकड़ा
फरार आरोपी की तलाश में पुलिस ने जंगल में कॉम्बिंग अभियान चलाया। इस दौरान घेराबंदी कर दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया गया। घायल आरोपी की पहचान आमिर पुत्र खालिक निवासी ग्राम पांडौली, थाना नागल, सहारनपुर के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए सीएचसी नानौता में भर्ती कराया गया। आमिर के कब्जे से एक तमंचा .315 बोर, तीन जिंदा और दो खोखा कारतूस, गोकशी के उपकरण तथा बिना नंबर प्लेट की बाइक बरामद हुई है। दूसरे आरोपी की पहचान आरिफ पुत्र सगीर निवासी ग्राम मिर्जापुर, थाना बड़गांव, सहारनपुर के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक तमंचा .315 बोर और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। आमिर पर आधा दर्जन मुकदमे पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार घायल आरोपी आमिर के खिलाफ थाना बड़गांव में गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट और आबकारी अधिनियम के तहत करीब आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, आरिफ के खिलाफ गोवध अधिनियम, गैंगस्टर एक्ट और चोरी के मुकदमे दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है।

