एंगर बीस्ट ने एसआरसी को 54 रन पर ऑलआउट किया:सहारनपुर में दिवाली कप में 10 विकेट से मुकाबला जीता

एंगर बीस्ट ने एसआरसी को 54 रन पर ऑलआउट किया:सहारनपुर में दिवाली कप में 10 विकेट से मुकाबला जीता

सहारनपुर में दिवाली कप 2026 के चौथे और पांचवें मुकाबले में सोमवार शाम पांच बजे तक रोमांचक क्रिकेट देखने को मिला। चौथे मैच में एसआरसी क्रिकेट अकादमी ने चौहान क्रिकेट अकादमी को दो विकेट से हराकर जीत दर्ज की। वहीं, पांचवें मुकाबले में एंगर बीस्ट ने एसआरसी क्रिकेट अकादमी को 10 विकेट से करारी शिकस्त दी। इस मैच में एसआरसी की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए महज 54 रन पर सिमट गई। एंगर बीस्ट ने बिना विकेट गंवाए लक्ष्य हासिल कर लिया। दोनों मुकाबलों में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मैन ऑफ द मैच चुना गया। चौथे मुकाबले में चौहान क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। टीम ने निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 136 रन बनाए। आशीष पवार ने 44 रन और युवराज ने 40 रन की पारी खेलकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। एसआरसी क्रिकेट अकादमी की ओर से तरुण कश्यप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट हासिल किए, जबकि रोहित को एक विकेट मिला। 137 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एसआरसी क्रिकेट अकादमी ने 13.4 ओवर में आठ विकेट खोकर 139 रन बना लिए। माधव गुप्ता ने 36 रन और रोहित ने 27 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया। चौहान क्रिकेट अकादमी की ओर से केशव अरोड़ा ने चार विकेट लिए, जबकि प्राइस को दो विकेट मिले। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए तरुण कश्यप को मैन ऑफ द मैच चुना गया। पांचवें मुकाबले में एसआरसी क्रिकेट अकादमी की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 16.1 ओवर में 54 रन पर ऑलआउट हो गई। ऋषभ राज ने 13 और शिवम ने 12 रन बनाए। एंगर बीस्ट की ओर से साजिद और आरुष ने तीन-तीन विकेट लेकर विपक्षी टीम की बल्लेबाजी को तहस-नहस कर दिया। जवाब में एंगर बीस्ट ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए महज 3.1 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए 58 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। आदित्य ने 30 रन और दीपांशु ने 26 रन की पारी खेली। शानदार गेंदबाजी के लिए साजिद को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *