उमरिया जिले में रविवार को मानसून सक्रिय रहा। लगातार बारिश के कारण जिलेभर में नदी-नाले उफान पर आ गए। 16 अगस्त को जिले में औसतन 3.50 इंच बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक बारिश बांधवगढ़ तहसील में 8.08 इंच और करकली में 7.47 इंच रिकॉर्ड की गई। तेज बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव हुआ और आवागमन भी प्रभावित हुआ। जिला मुख्यालय से बरबतराई जाने वाले मार्ग पर नाले पर बना पुल तेज बहाव में बह गया, जिससे आवागमन बाधित हो गया। वहीं, चपहा कॉलोनी में पुल के नजदीक पानी पहुंचने के बाद कॉलोनी में भी जलभराव की स्थिति बन गई। जिले के छोटे-बड़े नदी-नाले तेज बहाव के साथ बह रहे हैं। 1 जून से 16 अगस्त तक जिले में कुल औसत 25.85 इंच बारिश दर्ज हो चुकी है। जिले की सामान्य वार्षिक औसत बारिश 47.86 इंच है। पिछले वर्ष इसी अवधि में औसत बारिश 36.78 इंच दर्ज की गई थी। इस लिहाज से चालू वर्ष में पिछले साल की तुलना में अब तक 10.93 इंच कम बारिश हुई है। 16 अगस्त को तहसीलवार बारिश के आंकड़ों में बांधवगढ़ 8.08 इंच के साथ सबसे आगे रहा। करकली में 7.47 इंच, बिलासपुर में 2.52 इंच, चंदिया में 1.84 इंच, मानपुर में 1.72 इंच, पाली में 1.46 इंच और नौरोजाबाद में 1.36 इंच बारिश दर्ज की गई। लगातार बारिश से जहां आम जनजीवन प्रभावित हुआ, वहीं किसानों को बड़ी राहत मिली है। खेतों में पर्याप्त पानी पहुंचने से फसलों को फायदा होने की उम्मीद है। किसान रज्जू ने बताया कि खेतों में पानी की आवश्यकता थी, और बारिश होने से फसलों को लाभ हुआ है। साथ ही, बारिश के बाद मौसम ठंडा होने से लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है।


