नरसिंहपुर जिले के बरमान वनपरिक्षेत्र में वन विभाग ने रविवार सुबह गश्त के दौरान अवैध सागौन लकड़ी की तस्करी का मामला पकड़ा है। इस दौरान दो तस्कर मोटरसाइकिल और लकड़ी छोड़कर फरार हो गए। बरमान बीट में वनरक्षक जितेंद्र पटेल गश्त कर रहे थे। इसी दौरान उन्हें एक बाइक पर बोरे में संदिग्ध सामान ले जाते हुए दो युवक दिखाई दिए। वनरक्षक को संदेह हुआ और उन्होंने बाइक रोकने का प्रयास किया। वन अमले को देखते ही दोनों युवक घबरा गए। बाइक और सागौन की लकड़ी से भरे बोरे मौके पर छोड़कर भाग निकले। काटी गई सागौन की लकड़ी बरामद जांच करने पर बोरे में अवैध रूप से काटी गई सागौन की लकड़ी बरामद हुई। वन विभाग ने बाइक और लकड़ी को जब्त कर लिया है। जब्त सागौन की कीमत लगभग 5 हजार रुपये और मोटरसाइकिल की कीमत करीब 10 हजार रुपये आंकी गई है। वन विभाग द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है।


