साइबर क्राइम रोकने की नई मुहिम:बालोद में 2 अक्टूबर तक चलेगा साइबर जागृति अभियान; हर वर्गों को देंगे ठगी से बचाव की जानकारी

साइबर क्राइम रोकने की नई मुहिम:बालोद में 2 अक्टूबर तक चलेगा साइबर जागृति अभियान; हर वर्गों को देंगे ठगी से बचाव की जानकारी

बालोद में 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान साइबर अपराधों के खिलाफ जागरूकता अभियान शुरू किया गया। इस अभियान का उद्देश्य लोगों को डिजिटल ठगी से बचाना है। जिला स्तरीय समारोह सरयू प्रसाद अग्रवाल स्टेडियम में आयोजित किया गया था। मुख्य अतिथि शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने ध्वजारोहण के बाद ‘साइबर जागृति अभियान’ के तहत साइबर जागरूकता की सेल्फी ली। उन्होंने इस माध्यम से लोगों को डिजिटल ठगी से सतर्क रहने का संदेश दिया। कलेक्टर दिव्या उमेश मिश्रा ने भी साइबर जागरूकता की सेल्फी ली और उसे सोशल मीडिया पर पोस्ट किया। उन्होंने आम जनता से साइबर अपराधों के प्रति जागरूक रहने की अपील की। यह अभियान 2 अक्टूबर तक चलेगा। सात सप्ताह के इस कार्यक्रम में अलग-अलग वर्गों को साइबर ठगी से बचाव के तरीके बताए जाएंगे। स्टेडियम में मौजूद 1000 लोगों से भी सेल्फी लेकर जागरूकता फैलाने की अपील स्टेडियम में मौजूद करीब 1000 लोगों सहित प्रदेशवासियों से भी साइबर जागरूकता की सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट करने और दूसरों को जागरूक करने की अपील की गई। एसपी किरण गंगाराम चव्हाण ने कहा कि साइबर अपराध से बचने के लिए स्वयं जागरूक होने के साथ परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को भी सतर्क करना जरूरी है। उन्होंने अनजान कॉल, संदिग्ध लिंक, ओटीपी, पिन, पासवर्ड और बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने की अपील की। साइबर ठगी होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने कहा। 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा अभियान बालोद पुलिस की ओर से साइबर जागृति अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए 15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक सात सप्ताह तक अलग-अलग जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। पहले सप्ताह स्कूल-कॉलेजों में डिजिटल सतर्कता और बुनियादी साइबर सुरक्षा की जानकारी दी जाएगी। दूसरे सप्ताह बैंकिंग एवं वित्तीय संस्थानों के माध्यम से वित्तीय धोखाधड़ी और यूपीआई सुरक्षा को लेकर जागरूकता अभियान चलेगा। तीसरे सप्ताह वरिष्ठ नागरिकों को डिजिटल अरेस्ट और फर्जी कॉल से बचाव की जानकारी दी जाएगी। महिला, युवाओं और नौकरी तलाशने वालों पर भी रहेगा फोकस चौथे सप्ताह महिला कॉलेजों और सामुदायिक समूहों में स्मार्टफोन प्राइवेसी व सुरक्षित ब्राउजिंग को लेकर जागरूक किया जाएगा। पांचवें सप्ताह रोजगार कार्यालय, आईटीआई और कौशल विकास केंद्रों में जॉब फ्रॉड और फिशिंग से बचाव की जानकारी दी जाएगी। छठवें सप्ताह डेटा प्राइवेसी और सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग को लेकर जागरूकता कार्यक्रम होंगे। सातवें सप्ताह ग्राम पंचायतों और नगरीय निकायों में गांधी जयंती के अवसर पर साइबर मुक्त छत्तीसगढ़ संकल्प अभियान चलाया जाएगा। चौक-चौराहों से सोशल मीडिया तक होगा प्रचार अभियान के दौरान जिला पुलिस की टीम और स्थानीय थानों द्वारा चौक-चौराहों, बाजारों, पार्कों सहित अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पोस्टर-बैनर और क्यूआर कोड के माध्यम से प्रचार किया जाएगा। पुलिस के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म और वाट्सऐप ग्रुप के जरिए भी लोगों को साइबर जागरूकता की सेल्फी लेकर सोशल मीडिया पर साझा करने के लिए प्रेरित किया जाएगा। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती के दिन अभियान का समापन होगा।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *