आम आदमी पार्टी (आप) के प्रदेश प्रभारी एवं राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने मंगलवार को तारुन बाजार स्थित एक मैरिज लॉन में आयोजित सत्ता परिवर्तन जन-आक्रोश रैली एवं कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश को हिंदू-मुस्लिम की राजनीति नहीं, बल्कि विकास, रोजगार और बेहतर शिक्षा-स्वास्थ्य सुविधाओं की जरूरत है। कार्यक्रम का आयोजन गोसाईगंज विधानसभा क्षेत्र के प्रभारी एवं प्रत्याशी संत आलोक द्विवेदी ने किया। संजय सिंह ने कहा कि आम आदमी पार्टी का नारा है, ‘शिक्षित होगा भारत, तभी विकसित होगा भारत।’ उन्होंने कहा कि युवाओं को रोजगार और बच्चों को बेहतर शिक्षा चाहिए, लेकिन चुनाव आते ही हिंदू-मुस्लिम के मुद्दे उठने लगते हैं। उन्होंने सवाल किया कि प्रदेश में कितने सरकारी स्कूल और अस्पताल बनाए गए हैं और युवाओं को रोजगार देने के लिए सरकार ने क्या कदम उठाए हैं? रोजगार के दावों पर उठाए सवाल आप सांसद ने रोजगार के वादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव के समय युवाओं को नौकरी देने की घोषणाएं की जाती हैं, लेकिन उन्हें रोजगार क्यों नहीं मिल रहा है? उन्होंने पत्रकारों से सरकार के रोजगार संबंधी दावों की पड़ताल कर वास्तविक स्थिति जनता के सामने लाने की अपील की। उन्होंने आरोप लगाया कि रोजगार की मांग को लेकर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को मुकदमों और कार्रवाई की चेतावनी दी जाती है। संजय सिंह ने कहा कि प्रदेश के युवा अपने भविष्य को लेकर चिंतित हैं। रोजगार नहीं मिलने के कारण उन्हें धरना-प्रदर्शन करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है। बुनियादी मुद्दों पर सरकार को घेरा संजय सिंह ने कार्यकर्ताओं से रोजगार, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे बुनियादी मुद्दों को जनता के बीच प्रमुखता से उठाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जवाबदेही तय होनी चाहिए और जनता से जुड़े सवालों का जवाब दिया जाना चाहिए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से विकास के मुद्दों पर जनता के बीच जाने और पार्टी की नीतियों को लोगों तक पहुंचाने की अपील की।

