इंदौर में हुआ ‘भास्कर समाधान’ सम्मान समारोह:70 ‘पब्लिक के स्टार’ हुए सम्मानित, 3 माह में 2600 से ज्यादा जनसमस्याएं हुईं दूर

इंदौर में हुआ ‘भास्कर समाधान’ सम्मान समारोह:70 ‘पब्लिक के स्टार’ हुए सम्मानित, 3 माह में 2600 से ज्यादा जनसमस्याएं हुईं दूर

इंदौर में आमजन की समस्याओं को सीधे जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई दैनिक भास्कर की पहल ‘भास्कर समाधान’ के सकारात्मक नतीजे सामने आ रहे हैं। पिछले तीन महीनों में प्लेटफॉर्म पर सड़क, सीवेज, स्ट्रीट लाइट, सफाई, जलभराव, पार्क और बेसहारा पशुओं सहित कई तरह की समस्याएं दर्ज की गईं। इनमें से अब तक 2600 से ज्यादा समस्याओं का समाधान कराया जा चुका है। इसी कड़ी में इंदौर स्थित दैनिक भास्कर कार्यालय में ‘भास्कर समाधान’ में सक्रिय भूमिका निभाने वाले 70 ‘पब्लिक के स्टार’ का सम्मान किया गया। इनमें 50 पार्षद और 20 अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। प्लास्टिक के इस्तेमाल से दूरी बनाने का दिलाया संकल्प
सम्मान समारोह में दैनिक भास्कर मध्य प्रदेश के स्टेट एडिटर कपिल भटनागर ने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया। इस दौरान सभी को प्लास्टिक के इस्तेमाल से दूरी बनाने का संकल्प दिलाया गया। पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सम्मानित सदस्यों को जूट बैग भी दिए गए। स्टेट एडिटर कपिल भटनागर ने ‘भास्कर समाधान’ को लेकर कहा कि यह देश का पहला ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी खुद अपने इलाके में जन समस्याओं से जुड़ी कोई भी पोस्ट कर रहे हैं। लोगों के शानदार रेस्पॉन्स को देखते हुए इसे और अधिक प्रभावी व आसान बनाया गया है। साथ ही, इस सेगमेंट में अहम भूमिका निभाने वाले जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को सम्मानित किया गया है। 50 से ज्यादा पार्षदों का हुआ सम्मान
‘भास्कर समाधान’ के जरिए सामने आई जनसमस्याओं के समाधान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले इंदौर के 50 से ज्यादा पार्षदों को सम्मानित किया गया। पिछले तीन महीनों में इन पार्षदों ने अपने-अपने वार्डों से जुड़ी कई समस्याओं के समाधान में सहयोग किया। इनमें सड़क, सीवेज, स्ट्रीट लाइट, सफाई, पार्क और बेसहारा पशुओं से जुड़ी समस्याएं शामिल हैं। प्लेटफॉर्म पर शिकायत सामने आने के बाद संबंधित पार्षदों ने मामले को संज्ञान में लेकर समस्या के समाधान की दिशा में कार्रवाई कराई। ‘भास्कर समाधान’ शिकायत जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का माध्यम
पार्षद योगेश गोइनगेंदर ने कहा कि ‘दैनिक भास्कर समाधान’ पहल से जनता की एक बड़ी समस्या दूर हुई है। कई लोगों को अपने जनप्रतिनिधि का मोबाइल नंबर या पता नहीं पता होता, ऐसे में वे अपनी शिकायत कहां दर्ज कराएं, यह समझ नहीं पाते। ‘समाधान’ के जरिए अब उन्हें अपनी शिकायत जनप्रतिनिधियों तक पहुंचाने का माध्यम मिला है। अपील- समस्या को ऐप के जरिए दर्ज करें
पार्षद शाहीन सादिक खान ने कहा कि ‘भास्कर समाधान’ ज्यादा से ज्यादा लोगों तक पहुंचे और सभी इसका फायदा उठाएं। इससे जनप्रतिनिधियों को भी सीधे जनता से जुड़ने का बेहतर मौका मिल रहा है। जनता अपनी समस्या को ऐप के जरिए दर्ज करें। उन्होंने कहा कि जरूरत होने पर जनता सीधे उनसे मिलकर भी अपनी समस्या बता सकती है और उसका समाधान कराने का प्रयास किया जाएगा। हर समस्या की निगरानी हुई बेहतर
पार्षद मनोज किशोर मिश्रा ने कहा कि पिछले कुछ महीनों से दैनिक भास्कर के माध्यम से इंदौर नगर निगम की ऐसी कई समस्याएं उनके संज्ञान में आ रही हैं, जिनकी जानकारी उन्हें पहले नहीं मिल पाती थी। खबर में शिकायतकर्ता का मोबाइल नंबर मिलने पर वे सीधे फोन कर समस्या की जानकारी लेते हैं और नगर निगम के स्तर पर उसके समाधान का प्रयास करते हैं। यह एक की अच्छी पहल है, जिसके जरिए पार्षदों को शहर की उन समस्याओं की जानकारी मिल रही है, जो उनकी नजर से छूट जाती हैं। अधिकारियों ने भी निभाई अहम भूमिका
‘भास्कर समाधान’ पर सामने आने वाली समस्याओं को संबंधित विभागों तक पहुंचाने और उनके समाधान में नगर निगम के अधिकारियों की भी सक्रिय भूमिका रही। चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर, जोनल ऑफिसर, बिल्डिंग ऑफिसर, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर, असिस्टेंट चीफ हेल्थ इंस्पेक्टर, एई और प्रभारी दरोगा समेत करीब 20 अधिकारियों को सम्मानित किया गया। इन अधिकारियों ने बीजली, सफाई, सड़क, स्ट्रीट लाइट, सीवेज और अन्य नागरिक सुविधाओं से जुड़ी शिकायतों पर कार्रवाई कर समाधान कराया। पब्लिक को आवाज देने का सबसे बड़ा डिजिटल प्लेटफॉर्म
दैनिक भास्कर एप पर भास्कर समाधान सेगमेंट देश का पहला ऐसा डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां शहरवासी खुद अपने इलाके से जुड़े सिविक इश्यू पोस्ट कर सकते हैं। यह पब्लिक को आवाज देने का सबसे बड़ा माध्यम बना है। एप को यूजर्स के लिए भी काफी आसान बनाया गया है और नए फीचर्स जोड़े गए हैं। किसी समस्या का समाधान होने पर यूजर्स बता सकते हैं कि उनकी शिकायत दूर कर दी गई है। अधिकारी बता सकेंगे, क्या एक्शन लिया
दैनिक भास्कर के इस सेगमेंट में अधिकारी भी अपना एक्शन बता सकेंगे। शिकायत जिस विभाग से संबंधित है, वह अब सीधे उसके अधिकारियों तक पहुंचेगी। इसके बाद अधिकारी उस लोकेशन को मैप पर देख सकेंगे। यदि उन्होंने समाधान कर दिया है, तो शिकायतकर्ता को इसकी जानकारी एप के जरिए ही दे सकेंगे या बता सकेंगे कि अभी काम जारी है। अधिकारी चाहें तो जिस यूजर ने शिकायत की है, उसे भी कॉल कर सकेंगे। यूजर बता सकते हैं, समाधान हो गया
एप को यूजर्स के लिए भी काफी आसान बनाया गया है और नए फीचर्स जोड़े गए हैं। किसी समस्या का समाधान होने पर यूजर्स बता सकते हैं कि उनकी शिकायत दूर कर दी गई है। भास्कर समाधान सेगमेंट बदलाव लाने की दिशा में एक सकारात्मक पहल है। इसके पीछे भास्कर एप की सोच यही है कि शहर के हर कोने से लोगों की समस्याएं प्रशासन तक रियल टाइम पहुंचें, ताकि आमजन और प्रशासन के बीच एक सेतु बन सके। लोग सीधे अपनी बात कह सकें। ऐसे में सरकार और अधिकारियों को चाहिए कि वे इन पोस्ट को सकारात्मक रूप से लें और समाधान का रास्ता चुनें।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *