इंदौर के वार्ड 75 में कुमार भट्टी में गंदे पानी का मामला गहराता जा रहा है। नगर निगम ने यहां से पानी के सैंपल ले लिए है, मगर उसकी रिपोर्ट आने का इंतजार है। संभावना है कि गुरुवार को इसकी रिपोर्ट आ सकती है। गंदे पानी को लेकर वार्ड पार्षद कुणाल सोलंकी नगर निगम की जनसुनवाई में गए थे, जहां पर उन्होंने गंदा पानी बोतल में गिफ्ट पैक कर अधिकारियों को दिया था। इसी दिन रात में सप्लाई के बाद नगर निगम के अधिकारियों ने यहां से पानी के सैंपल कलेक्ट किए थे। हालांकि जब सप्लाई की गई थी, तब भी यहां पर गंदा पानी ही आ रहा था। बुधवार को इलाके में अलग-अलग जगह काम भी शुरू किया गया। सैंपल कलेक्ट किए, रिपोर्ट आने का इंतजार नगर निगम के अधिकारियों के संज्ञान में मामला आने के बाद उन्होंने मंगलवार रात को ही इलाके में पानी के सैंपल कलेक्ट किए। यहां एक दिन छोड़कर पानी की सप्लाई होती है। मंगलवार रात को सप्लाई के दौरान जब लोगों के घरों में पानी आया तो उसके सैंपल निगम अधिकारियों ने कलेक्ट किए। मामले में अपर आयुक्त आशीष पाठक ने बताया कि मंगलवार रात को सैंपल लिए गए है। गुरुवार को सैंपल की रिपोर्ट आने की संभावना है। वैसे वह इलाका नर्मदा विहिन है और करीब 200 से 250 घरों में ही कनेक्शन है। पहले भी टेस्ट कराए थे, जब साफ पानी आ रहा था। उन्होंने कहा कि सीवर के इश्यू आते है। हमने सैंपल लेकर बैक्टिरियल टेस्ट कराया है, जिसके रिपोर्ट आना है। यहां पर अलग-अलग स्थानों पर पिट लगाकर जांच की जा रही है। अपर आयुक्त ने कहा कि रिपोर्ट सही आने के बाद ही सप्लाई की जाएगी। फिलहाल टैंकरों से यहां पानी की सप्लाई की जा रही है। घरों में आया गंदा पानी, टैंकरों से सप्लाई पार्षद कुणाल सोलंकी ने बताया कि मंगलवार को पानी की सप्लाई के बाद भी गंदा पानी आया है, जिसका अधिकारियों ने सैंपल लिया है। इलाके में काफी समय से गंदे पानी की शिकायत लोगों ने की थी। जिसके बाद नगर निगम की जनसुनवाई में हम ये शिकायत लेकर पहुंचे थे।

