मऊगंज में करीब दस दिनों से चल रहे पत्रकार-पुलिस विवाद के बीच एसपी सुरेंद्र कुमार जैन ने बुधवार शाम थाना प्रभारी बदलने का आदेश जारी किया। मऊगंज थाना प्रभारी निरीक्षक राम सिंह पटेल को लाइन अटैच कर दिया गया है। उनकी जगह निरीक्षक अजय खोब्रागढ़े को नया थाना प्रभारी बनाया गया है। आदेश जारी होने के बाद अजय खोब्रागढ़े बुधवार देर शाम मऊगंज थाने पहुंचे और थाना प्रभारी का कार्यभार संभाल लिया। वहीं राम सिंह पटेल को लाइन अटैच किए जाने के बाद उन्हें पुलिस लाइन भेज दिया गया है। पत्रकारों ने लगाए थे अभद्र व्यवहार के आरोप दरअसल, मऊगंज प्रेस क्लब के पत्रकार थाना प्रभारी राम सिंह पटेल की कार्यशैली को लेकर लगातार आपत्ति जता रहे थे। पत्रकारों का आरोप था कि कवरेज के दौरान उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया और शासकीय कार्य में बाधा जैसी कार्रवाई की चेतावनी दी गई। इसे लेकर पत्रकारों और पुलिस प्रशासन के बीच विवाद बढ़ गया था। विवाद के बीच प्रेस क्लब के पत्रकारों ने धरना-प्रदर्शन किया था। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर थाना प्रभारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी। पत्रकारों ने भोपाल में भी प्रदर्शन की तैयारी शुरू कर दी थी। आंदोलन के बीच हुआ थाना प्रभारी का बदलाव बुधवार को एसपी के आदेश के बाद राम सिंह पटेल को लाइन अटैच कर दिया गया। उनकी जगह अजय खोब्रागढ़े को मऊगंज थाने की जिम्मेदारी दी गई है। थाना प्रभारी का यह बदलाव पत्रकारों के आंदोलन के बीच अहम प्रशासनिक निर्णय माना जा रहा है।

