‘इंडिया में स्कूल-कॉलेज जाने से नफरत थी’, भारत छोड़ न्यूयॉर्क शिफ्ट हुईं अपूर्वा मुखीजा, बोलीं- मैं खुद को खो रही थी

‘इंडिया में स्कूल-कॉलेज जाने से नफरत थी’, भारत छोड़ न्यूयॉर्क शिफ्ट हुईं अपूर्वा मुखीजा, बोलीं- मैं खुद को खो रही थी

Apoorva Mukhija On Leaving India: सोशल मीडिया पर ‘द रेबेल किड’ के नाम से पहचान बनाने वाली अपूर्वा मखीजा इन दिनों अपनी जिंदगी के एक बिल्कुल नए दौर से गुजर रही हैं। भारत में स्कूल और इंजीनियरिंग कॉलेज की पढ़ाई से परेशान रहने वाली अपूर्वा अब न्यूयॉर्क में पढ़ाई को लेकर इतनी उत्साहित हैं कि सुबह 9 बजे की तीन घंटे लंबी क्लास के लिए खुद उठकर तैयार होती हैं।

इतना ही नहीं, उन्हें अब असाइनमेंट करना भी अच्छा लगने लगा है। अपनी इस बदली हुई आदत को देखकर खुद अपूर्वा हैरान हैं और सोच रही हैं कि आखिर उनके साथ इतना बड़ा बदलाव कैसे हो गया।

स्कूल और कॉलेज से थी नफरत

अपूर्वा ने हाल ही में सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर करते हुए अपने पुराने दिनों को याद किया। उन्होंने बताया कि भारत में पढ़ाई उनके लिए कभी पसंदीदा काम नहीं रही। स्कूल से लेकर इंजीनियरिंग कॉलेज तक उन्हें पढ़ाई में खास दिलचस्पी नहीं थी। वो परीक्षा में अच्छे नंबर हासिल करने का तरीका जानती थीं, लेकिन पढ़ाई को लेकर उनका नजरिया काफी अलग था।

अपूर्वा के मुताबिक, उन्हें लगता था कि पढ़ाई में मिलने वाली ज्यादातर जानकारी सिर्फ परीक्षा तक याद रखने के लिए होती है। पेपर खत्म होने के बाद वह सब कुछ भूल जाने जैसा लगता था। यही वजह थी कि कॉलेज के दिनों में भी उनका पढ़ाई के प्रति कोई खास उत्साह नहीं था। लेकिन न्यूयॉर्क पहुंचने के बाद उनकी यही सोच पूरी तरह बदल गई।

अब सुबह 8 बजे उठकर जाती हैं क्लास

अपूर्वा ने बताया कि अब वो रोज सुबह करीब 8 बजे उठती हैं और 9 बजे की क्लास के लिए निकल जाती हैं। खास बात यह है कि ये कोई छोटी क्लास नहीं होती, बल्कि करीब तीन घंटे तक चलती है। इसके बावजूद उन्हें क्लास में जाना बोझ नहीं लगता। बल्कि वह इसे एंजॉय कर रही हैं। उनके मुताबिक, वहां पढ़ाई का तरीका भी भारत में उनके अनुभव से काफी अलग है।

क्लास में सिर्फ किताबों और नोट्स के सहारे पढ़ाने के बजाय विद्यार्थियों को अलग-अलग गतिविधियां कराई जाती हैं। इसके बाद उनसे पूछा जाता है कि उन्होंने उस गतिविधि से क्या सीखा। अपूर्वा को यह तरीका काफी दिलचस्प लग रहा है।

भारत छोड़कर न्यूयॉर्क में शुरू की नई जिंदगी

अपूर्वा के न्यूयॉर्क जाने की कहानी भी काफी दिलचस्प है। ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर काफी आलोचना का सामना करना पड़ा था। इस दौरान उन्हें कथित तौर पर धमकियां भी मिली थीं और उनके काम पर भी असर पड़ा। बाद में अपूर्वा ने विदेश जाकर पढ़ाई करने का फैसला किया। उन्होंने बताया था कि न्यूयॉर्क उनके लिए हमेशा से सपनों का शहर रहा है। फिल्मों और वेब सीरीज में इस शहर को देखने के कारण भी उनके मन में वहां रहने की इच्छा थी।

जब वो न्यूयॉर्क पहुंचीं तो उन्हें लगा कि यs जगह उनके लिए सही हो सकती है। शहर की तेज रफ्तार जिंदगी, फैशन, खाना और इमारतों की खूबसूरती उन्हें काफी पसंद आई। उन्होंने वहां एक कॉलेज में आवेदन किया और एडमिशन मिलने के बाद न्यूयॉर्क में रहने का फैसला कर लिया।

MBA करेंगी अपूर्वा

अपूर्वा अब न्यूयॉर्क में पढ़ाई के साथ अपनी जिंदगी को नए तरीके से समझने की कोशिश कर रही हैं। वह डॉर्म में रहकर स्टूडेंट लाइफ का अनुभव लेंगी और MBA की पढ़ाई करेंगी। उनके मुताबिक, विदेश जाने के पीछे सिर्फ पढ़ाई ही वजह नहीं है। वह नए लोगों से मिलना चाहती हैं और ऐसा सोशल सर्कल बनाना चाहती हैं जो सिर्फ कंटेंट क्रिएशन की दुनिया तक सीमित न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *