आपसी विवाद में नुकीली चीज से हमला, बच्चे की मौत:सीतापुर में वीडियो गेम को लेकर विवाद, दो आरोपी हिरासत में

आपसी विवाद में नुकीली चीज से हमला, बच्चे की मौत:सीतापुर में वीडियो गेम को लेकर विवाद, दो आरोपी हिरासत में

सीतापुर में रविवार रात बच्चों के बीच वीडियो गेम खेलने को लेकर शुरू हुआ विवाद कुछ ही देर में खूनी झड़प में बदल गया। आरोप है कि कहासुनी के बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए और नुकीली चीज से हमला कर दिया गया। इसमें 14 साल के अयान और 32 साल के मोहम्मद दानिश घायल हो गए। अयान की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। रविवार रात करीब 11:30 बजे सरदार फार्म मोहल्ले में बच्चे वीडियो गेम खेल रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच कहासुनी हो गई। पहले विवाद बच्चों के बीच ही था, लेकिन कुछ देर बाद मामला बढ़ गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग कमेला इलाके में इमरान मेडिकल स्टोर के पास आमने-सामने आ गए। बताया गया कि मोहम्मद दानिश (32) और आयन (14), निवासी मोहल्ला कमेला, का सरदार फार्म निवासी सलीम (63) और उसके बेटे शोएब (30) से विवाद हो गया। दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मारपीट शुरू हो गई। नुकीली चीज से हमला, किशोर समेत दो घायल विवाद के दौरान आरोप है कि दानिश और आयन पर नुकीली चीज से हमला कर दिया गया। अचानक हुई मारपीट से मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए। दोनों घायलों को परिजन आनन-फानन में जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने आयन की हालत गंभीर देखते हुए उसे लखनऊ रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर लखनऊ के लिए निकले, लेकिन रास्ते में ही उसकी हालत बिगड़ गई। कुछ देर बाद आयन ने दम तोड़ दिया। वहीं दानिश का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
लखनऊ पहुंचने से पहले बुझ गया घर का चिराग 14 साल के आयन की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस विवाद की शुरुआत बच्चों के बीच वीडियो गेम खेलने को लेकर हुई थी, उसमें एक परिवार ने अपना किशोर बेटा खो दिया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। आयन की मौत के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। घटना के बाद मोहल्ले में भी तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है। दो आरोपी गिरफ्तार, हमले में इस्तेमाल हथियार की तलाश पुलिस ने घटना के बाद कार्रवाई करते हुए सलीम और शोएब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब घटना में इस्तेमाल नुकीली चीज समेत दूसरे सबूतों की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि किशोर की मौत के बाद मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल पुलिस दोनों पक्षों के बीच विवाद की पूरी वजह और घटनाक्रम की जांच कर रही है। पुलिस की मौजूदगी में मोहल्ले की स्थिति सामान्य बताई जा रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *