मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के आगरा स्थित पैतृक आवास पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को प्रदर्शन किया था। कार्यकर्ताओं ने घर के गेट पर कालिख पोत दी और अपशब्द लिखे। हंगामे के बाद पुलिस ने मौके से दो कार्यकर्ताओं को पकड़ लिया, जबकि देर रात चार और प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार किया गया। घटना के बाद मंगलवार को आवास की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पहले जहां सिर्फ एक होमगार्ड तैनात रहता था, वहां अब पुलिस फोर्स लगा दी गई है। मौके पर पीआरबी की 112 की गाड़ी भी खड़ी कर दी गई है। पुलिसकर्मी हर आने-जाने वाले पर नजर रख रहे हैं। गेट पर लिखे अपशब्द वाले स्लोगन को साफ कर दिया गया है। फिलहाल घर से कोई बाहर नहीं निकल रहा। पूछताछ के बाद ही लोगों को अंदर-बाहर जाने दिया जा रहा है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है। ये है पूरा मामला… आगरा में सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। उनके विजय नगर स्थित पैतृक आवास के बाहर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान घर की दीवार और मुख्य गेट पर कालिख पोत दी। स्प्रे से ‘वोट चोर’ और ‘गद्दार’ लिखा। प्रदर्शन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई है। वहीं इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के घर पर पहुंचने वाले दो कांग्रेस कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया है। पहले कलेक्ट्रेट पहुंचे, फिर घर के बाहर प्रदर्शन कांग्रेस कार्यकर्ता सोमवार को पहले पैदल मार्च निकालते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। यहां उन्होंने ज्ञापन सौंपा। इसके बाद कुछ कार्यकर्ता विजय नगर स्थित ज्ञानेश कुमार के पैतृक आवास पर पहुंच गए। घर के बाहर पहुंचते ही कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी शुरू कर दी। कुछ कार्यकर्ताओं ने स्प्रे से मुख्य गेट और दीवार पर आपत्तिजनक नारे लिखे। इसके बाद दीवार पर कालिख भी पोती गई। अनिल यादव ने पोती कालिख
प्रदर्शन के दौरान प्रदेश संगठन महासचिव अनिल यादव के घर की दीवार पर कालिख पोतने की बात सामने आई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ नारे लगाए और चुनाव प्रक्रिया को लेकर अपनी आपत्तियां जताईं। प्रदर्शन में मुकेश धनगर, शाहबाज और उमेश शर्मा समेत कांग्रेस के अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे। शुरुआत में घर पर पुलिस तैनात नहीं थी
स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार प्रदर्शन शुरू होने के समय ज्ञानेश कुमार के घर के बाहर पुलिस की तैनाती नहीं थी। कार्यकर्ताओं के पहुंचने और हंगामा होने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और मौके पर निगरानी रखी। फिलहाल पुलिस यह पता कर रही है कि घर की दीवार और गेट पर कालिख व नारे लिखने वाले कौन-कौन लोग थे। कांग्रेस देशभर में उठा रही चुनावी प्रक्रिया का मुद्दा
कांग्रेस ने ज्ञानेश कुमार और चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली को लेकर देशभर में विरोध प्रदर्शन का अभियान चलाया है। पार्टी चुनावी प्रक्रिया और मतदाता सूची से जुड़े आरोपों की जांच की मांग कर रही है। 25 सितंबर को भी कांग्रेस ने कई राज्यों में प्रदर्शन किया था। आगरा में सोमवार का प्रदर्शन इसी अभियान का हिस्सा था। पुलिस का आरोप है कि बिना पूर्व सूचना रिहायशी कॉलोनी में पहुंचकर कानून-व्यवस्था प्रभावित करने और अराजकता फैलाने का प्रयास किया गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, जिसके बाद संबंधित लोग वहां से चले गए। अनिल यादव और मुकेश धनगर गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान अनिल यादव और मुकेश धनगर को दिल्ली की ओर जाते समय वाहन समेत गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों से मामले के संबंध में पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक पूछताछ में उन्होंने पुलिस को बताया कि आगरा से निकलने के बाद वे दिल्ली स्थित पार्टी कार्यालय जाने वाले थे। पुलिस ने बताया कि अनिल यादव पूर्व में निजामाबाद (आजमगढ़) विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी रह चुके हैं, जबकि मुकेश धनगर मथुरा लोकसभा सीट से कांग्रेस उम्मीदवार रहे हैं। पुलिस ने स्वयं लिया संज्ञान
आगरा पुलिस ने मामले का स्वत: संज्ञान लेते हुए थाना हरीपर्वत में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपितों की पहचान और तलाश शुरू की गई।

