आगरा के कमला नगर स्थित जी-ब्लॉक सुधार समिति की ओर से रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इसमें 115 रक्तवीरों ने रक्तदान किया। शिविर में कमला नगर के अलावा आगरा के अन्य क्षेत्रों से भी लोग पहुंचे। शिविर का शुभारंभ जी-ब्लॉक निवासी यश वर्मा और राज गुप्ता ने पहली बार रक्तदान कर किया। समिति की ओर से रक्तदाताओं की कोलेस्ट्रॉल, ब्लड शुगर, कैल्शियम सहित अन्य स्वास्थ्य जांच निशुल्क कराई गईं। शिविर स्थल पर बनाए गए सेल्फी पॉइंट को सजाने के लिए समिति के कार्यकारिणी सदस्य सुमित गुप्ता ने 31 फूलदार और सजावटी पौधे गमलों सहित उपलब्ध कराए। समिति के कोषाध्यक्ष मनीष चोपड़ा और वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमिताभ गुप्ता ने उनके सहयोग के लिए आभार जताया। शिविर को सफल बनाने में समिति अध्यक्ष राजीव वर्मा, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अमिताभ गुप्ता, महामंत्री अनुज जैन ‘क्रांति’, कोषाध्यक्ष मनीष चोपड़ा, उपाध्यक्ष द्रोणपाल सिंह सहित पदाधिकारियों का योगदान रहा। महिला विंग की संयोजिका अनुपम सक्सेना, अध्यक्ष रंजना गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष शानू वर्मा, महामंत्री राधिका चोपड़ा सहित अन्य पदाधिकारियों ने व्यवस्थाओं में सहयोग किया। रक्तदान समाज की जिम्मेदारी समिति अध्यक्ष राजीव वर्मा ने कहा कि रक्तदान पूरे समाज की जिम्मेदारी है। एक यूनिट रक्त जरूरतमंद व्यक्ति का जीवन बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है। उन्होंने शिविर में सहयोग करने वाले सभी रक्तदाताओं और पदाधिकारियों का आभार जताया।

