सावन के दूसरे सोमवार को शहर में होने वाली परिक्रमा की तैयारियों को लेकर नगर निगम ने पूरी ताकत झोंक दी है। एक ओर जहां परिक्रमा मार्ग पर व्यापक स्तर पर व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है वहीं, नगर निगम शिवभक्तों पर पुष्पवर्षा की तैयार भी कर रहा है।
बल्केश्वर मंदिर के पास मेयर हेमलता दिवाकर कुशवाह और नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य पुष्पवर्षा करेंगे।
शिवभक्तों और परिक्रमार्थियों को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए कैलाश मंदिर, वनखंडी, बल्केश्वर, राजेश्वर, रावली और पृथ्वीनाथ महादेव मंदिर को जोड़ने वाले परिक्रमा मार्ग पर दिन-रात व्यवस्थाएं दुरुस्त कराई जा रही हैं। सफाई से लेकर प्रकाश व्यवस्था, सड़क के गड्ढों की मरम्मत, बैरीकेडिंग और श्रद्धालुओं के विश्राम तक के इंतजाम किए जा रहे हैं।
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य के निर्देशन में नगर निगम के चारों जोन में अभियंताओं और सैकड़ों सफाई कर्मचारियों को लगाया गया है। अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार, सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम, प्रभारी मुख्य अभियंता अरविंद श्रीवास्तव और मुख्य अभियंता विद्युत एवं यांत्रिक अजय कुमार राम लगातार परिक्रमा मार्ग का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। सीएम ग्रिड वाले हिस्सों में बालू से बनाया जा रहा रास्ता
परिक्रमा मार्ग के जिन हिस्सों में सीएम ग्रिड परियोजना का काम चल रहा है, वहां शिवभक्तों के आवागमन को सुगम बनाने के लिए यमुना की बालू बिछाई जा रही है। ऊबड़-खाबड़ और कच्चे हिस्सों को समतल करने के साथ सड़क के गड्ढों को भी भरवाया जा रहा है, जिससे सोमवार को बड़ी संख्या में आने वाले श्रद्धालुओं को पैदल चलने में परेशानी न हो। घाटों पर बैरीकेडिंग कैलाश और बल्केश्वर मंदिर स्थित पार्वती घाट पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर बल्लियों से बैरीकेडिंग कराई जा रही है। घाट की ओर जाने वाले हिस्सों को व्यवस्थित किया जा रहा है, ताकि भीड़ के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। रावली महादेव मंदिर पर भी श्रद्धालुओं के आवागमन को व्यवस्थित रखने के लिए बल्लियां लगाई जा रही हैं। विश्राम के लिए पंडाल, मिलेगी चाय
नगर निगम की ओर से परिक्रमा मार्ग में परिक्रमार्थियों के आराम के लिए पंडाल भी लगाया जा रहा है। यहां श्रद्धालुओं के बैठने और कुछ देर विश्राम करने की व्यवस्था रहेगी। पंडाल में परिक्रमार्थियों को चाय आदि उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की जा रही है। नगर निगम का प्रयास है कि लंबी दूरी की परिक्रमा के दौरान श्रद्धालुओं को रास्ते में राहत मिल सके। परिक्रमा शुरू होने से पहले पूरी होंगी व्यवस्थाएं
अपर नगर आयुक्त शिशिर कुमार ने बताया कि नगर परिक्रमा को लेकर नगर निगम के सभी संबंधित विभागों को जिम्मेदारी दी गई है। सफाई, प्रकाश, सड़क, बैरीकेडिंग और श्रद्धालुओं के विश्राम समेत सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है। परिक्रमा शुरू होने तक सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएंगी। मार्ग पर तैनात टीमें लगातार भ्रमण कर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगी। नगर आयुक्त ने ये कहा
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा-नगर परिक्रमा को लेकर सभी व्यवस्थाएं समय से पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। परिक्रमा मार्ग पर सफाई और प्रकाश व्यवस्था के साथ सड़क के गड्ढे भरवाए जा रहे हैं। जहां सीएम ग्रिड का काम चल रहा है, वहां श्रद्धालुओं के आवागमन के लिए बालू बिछाई जा रही है।
घाटों पर सुरक्षा के लिए बैरीकेडिंग, विश्राम के लिए पंडाल और मंदिरों पर डस्टबिन व अर्पण कलश की व्यवस्था की जा रही है। हमारा प्रयास है कि नगर परिक्रमा में शामिल होने वाले किसी भी श्रद्धालु को परेशानी न हो और उन्हें बेहतर सुविधाएं मिलें।

