अयोध्या में बुधवार रात करीब 10 बजे तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि तीसरा युवक मामूली रूप से घायल हुआ है। बताया जा रहा है कि तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर कहीं जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आए तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक बाइक से उछलकर सड़क पर दूर जा गिरे। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद ग्रामीणों ने डायल 112 और रौनाही पुलिस को सूचना दी। अस्पताल पहुंचते ही दो को मृत घोषित किया सूचना मिलते ही थाना प्रभारी रतन कुमार शर्मा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। तीसरे युवक को मामूली चोटें आई हैं और उसका इलाज चल रहा है। पुलिस के मुताबिक युवक सदमे में होने के कारण अभी घटना और अपने साथियों के बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दे पा रहा है। एक मृतक की पहचान, दूसरे की शिनाख्त बाकी थानाध्यक्ष रतन कुमार शर्मा ने बताया कि मृतकों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। आसपास के गांवों में संपर्क कर शिनाख्त कराई जा रही है। प्रारंभिक जानकारी में एक मृतक की पहचान खंडासा थाना क्षेत्र के कंदईकला मजरे प्रभात का पुरवा निवासी के रूप में हुई है। दूसरे मृतक की अभी पहचान नहीं हो सकी है। CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद फरार हुए अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है। इसके लिए आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। थानाध्यक्ष ने बताया कि परिवार के सदस्यों के पहुंचने के बाद तीनों युवकों की पहचान और उनके घर से निकलने की जानकारी स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस को तहरीर मिलने के बाद संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

