कानपुर के महाराजपुर स्थित आरके एजुकेशन सेंटर में बुधवार को श्रीकृष्ण नंदोत्सव, महारास एवं सुंदरकांड कार्यक्रम का आयोजन किया गया। देर रात तक चले धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में विदेशी श्रद्धालुओं सहित वृंदावन से पधारे बृजवासी और क्षेत्र के ग्रामीण कृष्ण भक्ति में सराबोर नजर आए। पूरे परिसर में राधे-राधे और श्रीकृष्ण के जयकारों से भक्तिमय माहौल बना रहा। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की छठी भी धूमधाम से मनाई गई। विदेशी श्रद्धालुओं सहित बृजवासी और ग्रामीणों ने भजनों पर नृत्य किया कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से भगवान श्रीकृष्ण के पूजन एवं आराधना के साथ हुआ। इसके बाद भजन-कीर्तन और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया गया। वृंदावन से आए कलाकारों एवं बृजवासियों ने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। भक्ति गीतों की धुन पर विदेशी श्रद्धालुओं के साथ ग्रामीण और आरके एजुकेशन सेंटर परिवार के सदस्य भी झूमते और नृत्य करते नजर आए। श्रद्धालुओं ने पूरे उत्साह के साथ कार्यक्रम में सहभागिता की। महारास कार्यक्रम के दौरान भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, प्रेम और समर्पण का संदेश दिया गया। कलाकारों की प्रस्तुतियों ने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। देर रात तक श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा परिसर कृष्णमय बना रहा। इस अवसर पर आरके एजुकेशन सेंटर परिवार की ओर से विशाल प्रसाद भंडारे का आयोजन किया गया। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, ग्रामीणों और अतिथियों ने प्रसाद ग्रहण किया। एमडी आरके यादव बोले- आधुनिक शिक्षा के साथ युवाओं को आध्यात्मिक ज्ञान और संस्कार देना जरूरी… विद्यालय के एमडी आरके यादव ने कहा कि वर्तमान समय में युवाओं को आधुनिक शिक्षा के साथ आध्यात्मिक ज्ञान और संस्कार देना बेहद जरूरी है। शिक्षा के साथ संस्कार और संस्कृति का ज्ञान ही युवाओं को बेहतर नागरिक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति और सनातन परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं। अब तस्वीरें देखिए…

