अयोध्या कैंट इलाके में तेंदुए की दहशत बढ़ी:रिहायशी क्षेत्र में लगातार दिखने से लोगों में घबराहट,रात को जाग रहे हैं

अयोध्या कैंट इलाके में तेंदुए की दहशत बढ़ी:रिहायशी क्षेत्र में लगातार दिखने से लोगों में घबराहट,रात को जाग रहे हैं

अयोध्या शहर से सटे कैंट इलाके में पिछले कई दिनों से तेंदुए की आमद ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। रिहायशी इलाके में तेंदुए के दिखाई देने और उसकी वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।इसके कारण भय के कारण लोगों को रात की नींद नहीं आ रही है। तेंदुए का एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह दीवार की बाउंड्री पर बैठा नजर आ रहा है। तेंदुए की गतिविधियों पर नजर रखने और उसे पकड़ने के लिए वन विभाग ने चौकी मीरन घाट के सामने जंगल के पास लोहे का बड़ा पिंजड़ा लगाया है। साथ ही निगरानी के लिए कैमरा भी लगाया गया है। बताया जा रहा है कि तेंदुआ पिंजड़े में बांधे गए जानवर के पास नहीं गया और कुछ दूरी पर एक बछड़े का शिकार कर लिया। इससे उसकी मौजूदगी को लेकर स्थानीय लोगों की चिंता और बढ़ गई है। छावनी क्षेत्र के पूर्व पार्षद मोहम्मद अपील के मुताबिक, जिस स्थान पर तेंदुए को दीवार पर देखा गया, वह ईटीआर रेंज की बाउंड्री के पास है। इसके ठीक सामने मीरन घाट पुलिस चौकी और पुलिस की कॉलोनी है, जहां 20 से अधिक परिवार रहते हैं। पुलिसकर्मियों ने रात के समय तेंदुए का वीडियो भी बनाया है। ऐसे में कॉलोनी में रहने वाले परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता बनी हुई है। स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ दिन पहले कैंट क्षेत्र में बच्चों के सैन्य स्कूल के पास भी सेना के जवानों ने तेंदुए को देखा था। इसकी सूचना वन विभाग और ब्रिगेडियर डोगरा रेजिमेंट को दी गई थी। इसके बाद सैन्य पुलिस को भी सतर्क रखा गया है। तेंदुए के दिखाई देने वाले क्षेत्र से कुछ दूरी पर सेना की फायरिंग रेंज भी है, जहां जवानों की ट्रेनिंग होती है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि ईटीआर रेंज में कई एकड़ जंगल होने के कारण महिलाएं भी लकड़ी बीनने के लिए वहां चली जाती हैं। वहीं कैंट क्षेत्र में प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटकों की आवाजाही रहती है। ऐसे में तेंदुए की मौजूदगी से किसी अप्रिय घटना की आशंका बनी हुई है। स्थानीय निवासी शादाब आलम ने बताया कि तेंदुए को देखे जाने वाले इलाके के आसपास कुछ जानवर मृत मिले हैं। पुलिस चौकी और स्कूल नजदीक होने के कारण लोगों में डर है। वन विभाग के रेंजर रत्नेंद्र ने बताया कि तेंदुए को पकड़ने के लिए विभाग की ओर से पिंजड़ा और कैमरा लगाया गया है। हालांकि, डीएफओ प्रखर गुप्ता से संपर्क नहीं हो सका। स्थानीय लोगों ने तेंदुए को जल्द पकड़ने और रिहायशी क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *