दो साल से फरार 30 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार:बिना मोबाइल के बदल रहा था ठिकाने, 1347 किलो डोडा पोस्त तस्करी में था वांछित

दो साल से फरार 30 हजार का इनामी तस्कर गिरफ्तार:बिना मोबाइल के बदल रहा था ठिकाने, 1347 किलो डोडा पोस्त तस्करी में था वांछित

पुलिस कमिश्नरेट जोधपुर की पश्चिम जिला स्पेशल टीम ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने पिछले दो साल से अधिक समय से फरार चल रहे 30,000 रुपये के इनामी तस्कर हुक्माराम को दस्तयाब कर लिया है। आरोपी अगस्त 2024 से पीपाड़ शहर थाने के एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में वांछित चल रहा था। ऐसे दिया था वारदात को अंजाम पुलिस के अनुसार, 23 अगस्त 2024 को पीपाड़ शहर थाना क्षेत्र में नाकाबंदी के दौरान एक बिना नम्बरी पिकअप वाहन से 1347.72 किलोग्राम अवैध डोडा पोस्त परिवहन किया जा रहा था। पुलिस को देख आरोपी हुक्माराम पुत्र रामूराम जाट निवासी बम्बोर मौके से फरार हो गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए जोधपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक द्वारा आरोपी पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। गिरफ्तारी से बचने के लिए नहीं रखता था मोबाइल शातिर तस्कर पुलिस की पकड़ से बचने के लिए बेहद सतर्कता बरत रहा था। वह गिरफ्तारी के डर से मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करता था और लगातार अपने ठिकाने बदलकर अलग-अलग जगहों पर फरारी काट रहा था। डीएसटी टीम की विशेष कार्रवाई पुलिस आयुक्त अंशुमन भौमिया और पुलिस उपायुक्त पश्चिम कमल शेखावत के निर्देशन में डीएसटी टीम लगातार आरोपी की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान विशेष मुखबिर से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर टीम ने घेराबंदी कर वांछित इनामी अपराधी हुक्माराम को दबोच लिया। आरोपी को पकड़ने वाली डीएसटी टीम में सउनि महादेव प्रसाद, हैड कांस्टेबल राजूसिंह, गंगासिंह और कांस्टेबल हनुमानराम, धीरज, रामसिंह, डूंगरसिंह, दलाराम व लादूराम शामिल रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *