US Hindu Temple Attack: अमेरिका के ओहायो में एक हिंदू मंदिर पर ईंटें फेंककर हमला करने की घटना सामने आई है। यह घटना ग्रेटर क्लीवलैंड इलाके के रिचमंड हाइट्स में स्थित श्री स्वामीनारायण वडताल धाम हिंदू मंदिर में हुई। इस हमले में मंदिर की खिड़कियां क्षतिग्रस्त हो गईं। जब ईंटें फेंकी गईं उस समय मंदिर के अंदर पुजारी और श्रद्धालु मौजूद थे।
पुलिस CCTV फुटेज की जांच कर रही है, FBI को सूचना दी गई
अमेरिका स्थित हिंदू अमेरिकन फाउंडेशन (HAF) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर घटना की जानकारी साझा करते हुए इसे संभावित ‘हेट क्राइम’ करार दिया। HAF ने बताया कि हमलावरों ने दोपहर करीब 1:30 बजे श्री स्वामीनारायण वडताल धाम मंदिर पर ईंटें फेंकीं, जिससे संपत्ति को काफी नुकसान पहुंचा। फाउंडेशन ने बताया कि घटना का CCTV फुटेज उपलब्ध है और स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके अलावा, FBI और सिविल राइट्स डिवीजन को भी इस मामले की जानकारी दी गई है। HAF मंदिर प्रबंधन के संपर्क में है और हर संभव मदद मुहैया करा रहा है।
आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग
हिंदू अमेरिकन फ़ाउंडेशन ने कहा कि यह संभावित हेट क्राइम ऐसे समय में हुआ है जब हिंदू-अमेरिकी समुदाय के खिलाफ जबरदस्त नफरत फैलाई जा रही है। उन्होंने जांच एजेंसियों से दोषियों की पहचान करने और उन्हें गिरफ्तार करने को प्राथमिकता देने की अपील की है। इसके अलावा संगठन ने अमेरिकी सांसदों और प्रशासनिकअधिकारियों से अपील की है कि वे हिंदू और भारतीय समुदायों के खिलाफ बढ़ते हेट स्पीच की सार्वजनिक रूप से निंदा करें।
हिंदू हेरिटेज मंथ के दौरान घटना
‘कोएलिशन ऑफ़ हिंदूज ऑफ नॉर्थ अमेरिका‘ (CoHNA) ने भी इस हमले पर गहरी चिंता जताई है। संगठन ने कहा कि यह घटना ऐसे समय में हुई है जब अमेरिका में ‘हिंदू हेरिटेज मंथ’ मनाया जा रहा है और समुदाय नवरात्रि की तैयारियों में व्यस्त है। CoHNA ने रिचमंड हाइट्स की मेयर किम थॉमस और शहर के स्थानीय अधिकारियों से इस हरकत की सार्वजनिक रूप से निंदा करने और पुलिस से दोषियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की अपील की है।
अमेरिका में हिंदू मंदिरों पर पहले भी हो चुके हैं हमले
अमेरिका में हिंदू धार्मिक स्थलों को निशाना बनाकर की गई तोड़-फोड़ की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले अगस्त 2022 में न्यूयॉर्क के क्वींस में श्री तुलसी मंदिर में महात्मा गांधी की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया गया था। इसके बाद, दिसंबर 2023 में कैलिफ़ोर्निया के नेवार्क में स्वामीनारायण मंदिर पर नफरत भरे संदेश लिखे गए थे। सितंबर 2024 में, न्यूयॉर्क के मेलविले और कैलिफ़ोर्निया के सैक्रामेंटो में BAPS मंदिरों को निशाना बनाया गया, जबकि मार्च 2025 में कैलिफ़ोर्निया के चिनो हिल्स में भी एक BAPS मंदिर में आपत्तिजनक नारे लिखकर तोड़-फोड़ की गई थी।


Hindu temple attacked in Ohio today| At 1:30 PM today, the Shree Swaminarayan Vadtal Dham Hindu Mandir in Richmond Heights, Ohio was attacked by perpetrator(s) who threw bricks at the temple causing significant damage.